उदयपुर: दादा की हत्या कर 6 माह से फरार इनामी पोता जयपुर से गिरफ्तार
सायरा पुलिस ने भंवरसिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी धूलसिंह को पकड़ा, टोने-टोटके के संदेह में पोते ने की थी दादा की सिर पर वार कर हत्या।

उदयपुर जिले की सायरा थाना पुलिस ने अपने ही दादा की हत्या करने के मामले में बीते छ: माह से फरार चल रहे एक शातिर ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने इस आरोपी की गिरफ्तारी पर तीन हजार रूपए का ईनाम घोषित कर रखा था।
खेत में मिला था रक्तरंजित शव
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को सोहनसिंह पुत्र भंवरसिंह निवासी स्वरूप जी की भागल सादडा सायरा ने इस संबंध में मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पिता भंवरसिंह पुत्र कुशाल सिंह सुबह 7 बजे सेवाला खेत पर घास काटने के लिए गए थे, लेकिन वे वापस घर नहीं लौटे। जब परिजनों ने उनकी तलाश में खेत पर जाकर देखा तो वहां भंवरसिंह की लाश पड़ी हुई थी। मृतक के सिर में गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पौत्र धुलसिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी स्वरूप जी की भागल सादडा सायरा को नामजद कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस को छकाता रहा शातिर आरोपी
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी काफी शातिर चालें चल रहा था। पुलिस के अनुसार अपराधी बार-बार अपने रहने के ठिकाने बदल रहा था और उसने अपने पास मोबाईल फोन भी नहीं रखा था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। पुलिस टीम जैसे ही आरोपी के किसी संभावित ठिकाने पर पहुँचती, वह वहां से भाग निकलता था। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी सूरत में मजदूरी कर रहा है। जिस पर पुलिस टीम ने सूरत जाकर धूलसिंह की तलाश की, पर पुलिस के आने की भनक लगते ही वह सूरत से गांधीनगर और फिर वहां से जयपुर आ गया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए अंततः आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
टोने-टोटके के शक में वारदात
गिरफ्तारी के बाद आरोपी धूलसिंह ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार करते हुए हत्या की चौंकाने वाली वजह बताई। "आरोपी धूलसिंह ने पूछताछ पर बताया उसके दादा जी टोना टोकता करते थे। उसे शंका थी कि उसकी पिता को भी दादा ने मारा था। इस कारण उसने दादा की हत्या कर दी।" पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले में ईनामी आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
