उदयपुर: सास-ससुर ने प्लॉट के नाम पर 27 लाख हड़पे, पत्नी जेवरात लेकर फरार
सविना थाना क्षेत्र में पीड़ित दीपेश जोशी ने ससुराल पक्ष पर प्लॉट धोखाधड़ी और पत्नी पर जेवरात सहित नगदी लेकर भागने का मामला दर्ज कराया है।

उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बड़ी धोखाधड़ी और घरेलू कलह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विनायक नगर सेक्टर 12 निवासी दीपेश पुत्र लक्ष्मीकांत जोशी ने अपने सास-ससुर के खिलाफ प्लॉट बेचने का सौदा कर 27 लाख रुपए हड़पने और अपनी पत्नी के खिलाफ 4 साल के मासूम बेटे को घर पर अकेला छोड़कर जेवरात चोरी कर भागने का मामला दर्ज करवाया है।
शादी के नाम पर वसूली और गृहक्लेश
पुलिस के अनुसार दीपेश जोशी ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में इन्दौर निवासी ऐजेन्ट काजल जैन एवं उसके पति ने 2 लाख रुपए लेकर कशिश जैन पुत्री हेमन्त जैन निवासी इन्दौर के साथ करवाई थी। विवाह के बाद 4 माह तक पत्नी गांव में रही थी, उसके बाद वह उसे इन्दोर में रहने के लिए जिद करके परेशान करने लगी। पत्नी की जिद के कारण दीपेश इंदौर में रहने लगा और वहां पर टैक्सी चलाने लगा। वर्ष 2022 में उनके यहां एक पुत्र विरम का जन्म हुआ।
प्लॉट के नाम पर 27 लाख की धोखाधड़ी
पुत्र के जन्म के बाद दीपेश उदयपुर आकर रहने लगा, उसी दौरान उसके ससुर हेमंत जैन एवं सास नीतु जैन मादक पदार्थ के मामले में जेल चले गए। जमानत पर बाहर आने के बाद हेमंत जैन एवं नीतू जैन ने अपने नाम का एक प्लॉट इन्दौर में बताकर उसे 27 लाख रुपए में बेच दिया। जब पीड़ित ने रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। दीपेश द्वारा दबाव बनाने पर आरोपियों ने कहा कि "प्लॉट के दस्तावेजों को जमानत में दिए हैं।" बाद में पीड़ित को पता चला कि आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।
जेवरात लेकर फरार हुई पत्नी
घटनाक्रम में नया मोड़ 30 जनवरी को आया जब दीपेश अपने काम पर गया हुआ था। दोपहर को उसके मित्र का फोन आया और उसने बताया कि उसकी पत्नी बेटे को छोड़कर कहीं चली गई है। पीड़ित ने घर जाकर देखा तो वहां से सोने-कांदी के जेवरात और 40 हजार रुपए नकद गायब थे। अब उसकी पत्नी और सास-ससुर का फोन बंद आ रहा है। फिलहाल सविना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
