आशापुरा माताजी के स्थान पर हुई बैठक में मृत्यु भोज, शराब और डीजे पर रोक सहित शिक्षा को बढ़ावा देने और नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने का फैसला लिया गया।

दिनांक 4 मार्च 2026 को ग्राम मादा के कपाया परिवारों की एक ऐतिहासिक बैठक आशापुरा माताजी के स्थान पर आयोजित हुई। इस महत्वपूर्ण सभा में समाज सुधार की दिशा में कड़े और दूरगामी निर्णय लिए गए। बैठक में गांव के मोतबिर नारूजी, भुराजी, तख्ताजी, नानाजी, रोडाजी, खेमाजी, गमनाजी, भीमाजी, पेमारामजी, उमाजी, पदाजी, पुनाजी, हेमाजी, नवाजी तथा युवा अमृतलाल, रमेशलाल, देवीलाल, मानाराम, मांगीलाल, सोहनलाल, पप्पूलाल, डुंगरलाल, भुरीलाल, गलाराम, धर्माराम, लेहरीलाल, संजय, बंसीलाल, दिनेश, वर्दीचंद, खैर, भेरूलाल सहित मादा गांव के समस्त कपाया परिवारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

सामाजिक कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची और व्यसन पर रोक

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि "गांव में ढूंढ उत्सव, शादी समारोह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शराब, मांस, बकरा और डीजे का पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।" इसके साथ ही मृत्यु भोज जैसी प्रथाओं में सुधार करते हुए "मृत्यु भोज में चूल्हा का टोटका, पेरावनी और शराब-मांस पर भी रोक लगाई गई।" समाज के विकास के लिए शिक्षा को आधार मानते हुए बच्चों को 18 वर्ष की आयु से पहले मजदूरी पर भेजने की बजाय स्कूल भेजने का संकल्प लिया गया तथा लड़कियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, बिना आवश्यकता के महिलाओं और लड़कियों को मोबाइल फोन नहीं देने का भी सामूहिक निर्णय लिया गया है।

कड़े दंड और जुर्माने का प्रावधान

समाज द्वारा बनाए गए इन नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके तहत शादी-सगाई में शराब, मांस व डीजे का उपयोग करने पर ₹51,000, मृत्यु भोज पर टोटका-पेरावनी करने पर ₹11,000 तथा मामा बंदौली में शराब-डीजे बजाने पर ₹21,000 का दंड तय किया गया है। साथ ही, माता बावजी की नूत में शराब पीकर आने पर ₹5,100 तथा बारात में महिलाओं व लड़कियों की अनावश्यक भागीदारी पर ₹5,100 का जुर्माना लगाया जाएगा। निर्णयों का पालन न करने वालों के घर पर सामाजिक बहिष्कार और जुर्माना दोनों लागू होंगे।

उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रतिज्ञा

बैठक के अंत में सभी मौतबिरों और युवाओं ने सामूहिक रूप से समाज सुधार की प्रतिज्ञा ली कि "वे इन नियमों का पालन करेंगे और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग करेंगे।" पूरे ग्राम मादा के कपाया परिवारों ने एक स्वर में इन निर्णयों का समर्थन करते हुए समाज को एक नई और सकारात्मक दिशा देने का संकल्प दोहराया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story