ईरान का इजरायल और खाड़ी देशों पर मिसाइल हमला, 10 नागरिकों की मौत
अयातुल्लाह खामेनेई की मृत्यु के बाद ईरान ने इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई खाड़ी देशों पर 37 मिसाइलें दागीं, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हुआ है।

यरुशलम/दुबई (एजेंसी)। सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद ईरान और आक्रामक हो गया है। ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों पर अब तक का सबसे बड़ा और घातक मिसाइल हमला किया है। रविवार को ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों ने इजरायल के साथ-साथ दुबई, अबू धाबी, दोहा और मनामा को भी थर्रा कर रख दिया है। इजरायल में 10 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, 50 से ज्यादा के घायल होने की खबर आ रही है।
रिहायशी इलाकों पर बरसीं मिसाइलें
ईरान ने इजरायल के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए एक साथ 37 मिसाइलें दागीं। इनमें से एक मिसाइल सीधे इजरायल के बीत शेमेश शहर की एक बहुमंजिला इमारत से जा टकराई। इस भीषण हमले में अब तक कम से कम 10 इजरायली नागरिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई लोग मलबे में दबे हुए हैं।
सुरक्षा तंत्र और आयरन डोम पर सवाल
इस हमले ने इजरायली सुरक्षा तंत्र पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इजरायली रक्षा बल अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि उनका उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम "आयरन डोम" इस ईरानी मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट करने में क्यों विफल रहा।
खाड़ी देशों में दहशत और युद्ध की आहट
ईरान ने अपने 'काउंटर-अटैक' (जवाबी हमले) को तेज़ करते हुए पूरे क्षेत्र को युद्ध की आग में झोंक दिया है। ईरान की यह जवाबी कार्रवाई सिर्फ इजरायल तक सीमित नहीं रही। खाड़ी देशों में भी दहशत का माहौल है। संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख शहरों दुबई और अबू धाबी, कतर की राजधानी दोहा और बहरीन की राजधानी मनामा में भी कई नए धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
