बावलवाड़ा में विधायक डॉ. दयाराम परमार का जनसंपर्क, पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जिताने की अपील
बावलवाड़ा क्षेत्र में विधायक डॉ. दयाराम परमार ने जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने खेरवाड़ा में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, बेरोजगारी, महंगाई और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

वलवाड़ा में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते विधायक डॉ. दयाराम परमार।
राजस्थान में पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विधायक डॉ. दयाराम परमार ने बावलवाड़ा क्षेत्र में जनसंपर्क किया और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से मतदाताओं से कांग्रेस विचारधारा के सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताना आवश्यक बताया।
डॉ. परमार ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा में कोई विकास कार्य नहीं कराए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब व्यक्तियों की सहायता के लिए कोई योजना नहीं चलाई गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को भी बंद कर दिया गया है।
विधायक परमार ने भाजपा सरकार पर गरीबों की चिंता करने के बजाय पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाताओं से पंचायती राज चुनाव में वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की सरकार बनने की पूरी संभावना है।
डॉ. परमार ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है तथा युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने शिक्षा नीति को गलत बताते हुए कहा कि इसके कारण पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश की राष्ट्रीय संपत्ति उद्योगपतियों को बेची जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा शासन में देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।
बावलवाड़ा क्षेत्र में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को सुंदरलाल अहारी, जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी लोकेश मीणा, अजमालसिंह चौहान, कान्ति लाल पटेल और पुष्पा भगोरा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा के अध्यक्ष दिनेश मीणा, उपाध्यक्ष अजमावता सिंह चौहान, जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी लोकेश मीणा, पूर्व उप प्रधान सुंदरलाल अहारी, कांग्रेस नवाघरा मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नगजीराम लट्ठा, पूर्व सरपंच दयालचन्द खराड़ी, मनुवाद खराड़ी, सुखलाल गरासिया, किशोर भगोरा और पूर्व सरपंच पुष्पा भगोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं के जरिए कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय मतदाताओं के बीच पंचायती राज चुनाव में पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
