तेहरान के नरमक इलाके में हुए हमले में अहमदीनेजाद के साथ उनके सलाहकार और आईआरजीसी के बॉडीगार्ड्स भी मारे गए, राष्ट्रपति पेजेशकियान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी।

तेहरान (एजेंसी)। इजरायल के हवाई हमलों में ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इस हमले में अहमदीनेजाद के कई करीबी सलाहकार और सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड भी मारे गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमदीनेजाद की सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के जवान थे। यह हवाई हमला शनिवार को उस इमारत पर किया गया, जहां अहमदीनेजाद अपनी टीम के साथ मौजूद थे। ईरान की राजधानी तेहरान के उत्तर-पूर्वी नरमक इलाके में यह इमारत स्थित बताई जा रही है, जहां पूर्व राष्ट्रपति अहमदीनेजाद का आवास भी है।

हमले का विवरण और वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनमें अहमदीनेजाद के आवास पर हुए हमले के बाद भारी तबाही दिखाई दे रही है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि इन हवाई हमलों में दो स्कूली छात्रों की भी मौत हुई है।

अहमदीनेजाद का राजनीतिक सफर और विवाद

वह ईरान के एक प्रमुख राजनीतिज्ञ थे और देश के 6वें राष्ट्रपति के रूप में 2005 से 2013 तक पद पर रहे। अहमदीनेजाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को मजबूत करने के प्रतीक बने। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा चर्चित उनका बयान था "इजरायल को नक्शे से मिटा देना चाहिए", जो उन्होंने 2005 में दिया था। उनके कार्यकाल में ईरान पर पश्चिमी देशों, खासकर अमेरिका और इजरायल की तरफ से प्रतिबंध बहुत बढ़े।

ईरान की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

इजरायल द्वारा ईरान पर लगातार हमलों के बीच, इस्लामिक गणराज्य के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा है कि उनका देश कड़ा जवाब देना जारी रखेगा। देश को संबोधित करते हुए पेजेशकियान ने कहा कि "ईरान क्षेत्र में अमेरिका तथा इजरायल के सैन्य ठिकानों को नष्ट करेगा"।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story