टोंक। राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान, जिला शाखा टोंक की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को स्थानीय राजीव गांधी महाविद्यालय में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव व्यास ने की। बैठक में मुख्य रूप से सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी.पी. गौड़, ईस्माइल अली खान, पुलिस निरीक्षक जमन लाल मीणा, ओम प्रकाश और मनोहर सिंह (बीकानेर) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव व्यास ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम राज्य सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं, जन-सेवा से नहीं। उन्होंने संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्थानीय पुलिस लाइन में कार्यालय आवंटन और राजस्थान सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के लिए आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। व्यास ने जिला शाखा को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से मासिक बैठकें आयोजित करें। साथ ही, उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें पुलिस अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित करने तथा भामाशाहों के सहयोग से जरूरतमंद पूर्व पुलिसकर्मियों की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी जोर दिया कि यदि किसी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी का कोई मामला थाने में दर्ज हो, तो स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर उसे हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाए और उन्हें अकेला न छोड़ें।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईस्माइल खान ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति के पश्चात हमें अपने अनुभवों का उपयोग समाज सेवा में करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व पुलिसकर्मी शिक्षण संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों को कानून, साइबर अपराधों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार प्रेम रघुवंशी को IFWJ पत्रकार संगठन का जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर उन्हें माला और साफा पहनाकर अभिनंदन करते हुए बधाई दी गई।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष वृद्धि चंद गुर्जर (सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), वर्तमान जिला अध्यक्ष भंवर सिंह, भगवान सिंह, नुकुल सिंह नायक, फतेह लाल गुर्जर, रघु गौतम, हरी राज सिंह, राजेंद्र सिंह, श्याम सुंदर, मोहम्मद अली, गणपत सिंह, नारायण सिंह, राम किशन, बाबूलाल, राम नारायण सैनी, देवा लाल गुर्जर और जाहिद मियां सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। यह बैठक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके सामाजिक योगदान की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story