प्रधानमंत्री मोदी ने 16,686 करोड़ की परियोजनाओं के साथ बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान और सवाई माधोपुर में फोरलेन व जीएसएस कार्यों की शुरुआत की।

सवाई माधोपुर, 28 फरवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कायड़ विश्राम स्थली अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव एवं शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रामसिंहपुरा स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय के ऑडिटोरियम में किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी प्रधानमंत्री के साथ उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय रोजगार उत्सव और नियुक्तियाँ

इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नवचयनित अभ्यर्थियों द्वारा प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना गया। जिले में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं में चयनित कुल 489 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें राजस्व विभाग के 78 पटवारी, मनरेगा ग्रामीण विकास विभाग के 57 कनिष्ठ तकनीकी सहायक एवं लेखा सहायक, पशुपालन विभाग के 54 पशुधन सहायक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 157 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तथा राजमेस के अंतर्गत 124 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।

प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र वितरण एवं संबोधन

जिला स्तरीय समारोह में जिला कलक्टर काना राम, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज बी.पी. मीना द्वारा भवानी शंकर शर्मा एवं कुशाग्र जैन को पटवारी, प्रीति शर्मा, पूजा लखवाल एवं पवन कुमार शर्मा को नर्स, बलराम मीना को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, पूजा मीणा को फीमेल हैल्थ वर्कर, अंकिता गोयल को लैब टेक्नीशियन, सोनल टाटू को कनिष्ठ तकनीकी सहायक तथा दीपक कुमार रेगर को छात्रावास अधीक्षक सहित 10 नव नियुक्त कार्मिकों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किये गए। मंच संचालन अध्यापिका गीता जैलिया द्वारा किया गया।

इस दौरान जिला कलक्टर ने नवचयनित अभ्यर्थियों को राजकीय सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि "नव नियुक्त कार्मिक प्रशासन और सरकार की योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।" उन्होंने सभी से संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

करोड़ों की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाने के साथ ही 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।

सवाई माधोपुर के भाड़ौती सहित करनू, मांडा, बम्बलू एवं बालेसर में 220 केवी जीएसएस व संबंधित लाईनों के निर्माण के लिए 993.96 करोड़ रुपये के 5 कार्यो और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का शिलान्यास भी किया गया। इस दौरान सवाई माधोपुर में 111 करोड़ रुपये की लागत के नेशनल हाईवे-552 कुस्तला-सवाई माधोपुर सेक्शन के फॉर लेन कार्यो का शिलान्यास किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 9 से 14 साल तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का अजमेर से शुभारंभ किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story