सवाई माधोपुर, 3 अगस्त। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, विकास कार्यों और पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए और लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को फील्ड भ्रमण कर निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति करने तथा योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, एमजेएसए 2.1 एवं एमजेएसए 2.2 के शेष कार्यों में तेजी लाने और पूर्ण हो चुके कार्यों की आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जन सहभागिता-जन भागीदारी 3.0 के तहत सामुदायिक भागीदारी बढ़ाकर कार्यों में गति लाने तथा ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला कलक्टर ने गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने राजकीय सामान्य चिकित्सालय में डिलेवरी के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना को दिए। उन्होंने कहा कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की आशा सहयोगिनियों एवं एएनएम के माध्यम से नियमित निगरानी की जाए और उन्हें समय-समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे खराब होने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना को तत्काल प्रभाव से कैमरे ठीक करवाने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि ओएंडएम वाली 147 भौतिक रूप से पूर्ण योजनाओं में शेष योजनाओं का वित्तीय क्लोजर जल्द किया जाना है। वहीं ‘जल अर्पण’ के लिए चयनित 92 योजनाओं के शेष कार्यों के साथ नल जल मित्रों के चयन एवं प्रशिक्षण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग को किसानों के लिए निर्धारित दर पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध विक्रय के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के लिए भी कहा।

हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने विभागवार निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार पौधरोपण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पौधारोपण करवाने, सभी पौधों की जियो टैंगिंग कराने तथा नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

माय भारत पोर्टल पर युवाओं के रजिस्ट्रेशन में सवाई माधोपुर राजस्थान में प्रथम स्थान पर है। जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष के अधिकाधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जाए। साथ ही पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं का भी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने संयुक्त निदेशक डीओआईटी पंकज मीना को निर्देशित किया कि जिले के सभी ई-मित्र पर माय भारत रजिस्ट्रेशन के लिए क्यूआर कोड चस्पा करवाना सुनिश्चित करें। अभियान के तहत अब तक 16 हजार 9 नए पंजीकरण के साथ जिले में कुल 62 हजार 723 युवा पंजीकृत हो चुके हैं तथा 199 युवा क्लब गठित किए गए हैं।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि विभागीय प्रगति केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभाव धरातल पर नजर आना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Next Story