सवाई माधोपुर: रक्तदान शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं ने दिखाया उत्साह
सवाई माधोपुर के चैंपियन जिम में आयोजित शिविर में थैलेसीमिया पीड़ितों की सहायता हेतु 51 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

सवाई माधोपुर की इंद्रा कॉलोनी स्थित चैंपियन जिम में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान रक्त संग्रहित करते स्वास्थ्यकर्मी और उपस्थित आयोजन समिति के सदस्य।
सवाई माधोपुर। सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर के ब्लड सेंटर में रक्त की कमी से जूझते मरीजों के लिए शनिवार का दिन उम्मीद लेकर आया। रक्तदान जागृति, चैंपियन जिम और भारत विकास परिषद मानटाउन के संयुक्त तत्वावधान में चैंपियन जिम इंद्रा कॉलोनी पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 51 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपना स्वैच्छिक रक्तदान किया।
मानवीय संवेदना और सेवा का संदेश
शिविर के दौरान चैंपियन जिम के संचालक कपिल जोशी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, "नेकी के लिए पहलवान नहीं, इंसान होना ज़रूरी है।" वहीं चैंपियंस जिम के ही बादल वर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि, "रक्त दान करके देखिए अच्छा लगता है।" शिविर संयोजक राजकुमार दोसाया ने कार्यक्रम की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस शिविर का उद्देश्य केवल रक्त की कमी को पूरा करना नहीं बल्कि समाज में मानवीय संवेदना और सामुदायिक ज़िम्मेदारी को जगाना है।
थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए बढ़े हाथ
भारत विकास परिषद की महिला सहभागिता प्रभारी मीना उपाध्याय ने भावुक अपील करते हुए कहा कि, "आइये करें रक्तदान, बचाए थैलेसेमिया पीड़ित बच्चों की जान!" इस पुनीत कार्य में भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य सम्पर्क हरि प्रसाद शर्मा ने शिविर में पहुँचकर सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान परिषद के प्रांतीय महासचिव हेमंत गर्ग और सेवा प्रमुख राम प्रताप सिंह चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
व्यवस्था एवं आभार प्रदर्शन
रक्तदान जागृति के महेश सोनी ने शिविर की समस्त व्यवस्थाओं को कुशलतापूर्वक संभाला। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विष्णु गुप्ता, जितेंद्र सिंह नरूका और शाहरुख़ ख़ान ने सक्रिय सहयोग किया। शिविर के सफल समापन पर रक्तदान प्रभारी रत्नाकर गोयल ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार प्रकट किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
