श्री श्याम सेवा धाम समिति द्वारा आयोजित मेले के पांचवें दिन अंतरराष्ट्रीय कलाकार कृष्ण मुरारी सैनी ने कत्थक प्रस्तुति दी और पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

कुशालगढ़ (गंगापुर सिटी)। श्री श्याम सेवा धाम समिति के तत्वावधान में आयोजित फाल्गुन मेले के पांचवें दिन शनिवार को कुशालगढ़ का मंदिर परिसर लोक संस्कृति और शास्त्रीय कला के अद्भुत संगम का साक्षी बना। जहाँ दिन में लोक कला 'हेला ख्याल' की गूंज रही, वहीं संध्या वेला में कत्थक की पदचापों और 1100 दीपकों की महाआरती ने वातावरण को पूरी तरह रसमय और दिव्य बना दिया। नृत्यांजलि की प्रस्तुति से व घुंघरुओं की झंकार से ठाकुर जी भी प्रसन्न हो उठे।

अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने नृत्यांजलि से किया ठाकुर जी को प्रसन्न

शनिवार शाम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार श्री कृष्ण मुरारी सैनी द्वारा प्रस्तुत 'नृत्यांजलि' रही। कत्थक नृत्याचार्य (राजस्थान यूनिवर्सिटी) विदुषी डॉ. ज्योति भारती गोस्वामी जी महाराज के निर्देशन में मुरारी सैनी ने बाबा श्याम के दरबार में भावपूर्ण हाजिरी लगाई। शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से फागोत्सव की इस प्रस्तुति में नमिता जैन, संगीता सैन, मोनिका, कला मंदिर गंगापुर के मास्टर ध्रुव नंदन, मुरारी सैनी ब्रदर्स एवं संत राम गोस्वामी कला मंदिर के शिष्यों ने अपने पद संचालन और भावों से ठाकुर जी को रिझाया। साजों पर पंडित कौशलकांत पंवार, रमेश मेवाल, आदित्य, कैलाश मुंगेनिया और टीकम सैनी की संगत ने प्रस्तुति में चार चाँद लगा दिए।

मेला ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब: झूलों और लजीज व्यंजनों का आनंद

भक्ति के साथ-साथ मेले के मनोरंजन पक्ष में भी शहरवासियों का भारी उत्साह देखने को मिला। झूला-चकरी ग्राउंड में दोपहर से ही लोगों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद लिया। वहीं, मेले में सजी चाट स्टॉल पर लोगों ने चटपटे व्यंजनों और विभिन्न पकवानों का जमकर लुफ्त उठाया। पूरा मेला परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया, जहाँ हर चेहरा प्रसन्न और बाबा की भक्ति के आनंद में सराबोर था।

1100 दीपकों की महाआरती से आलोकित हुआ बाबा का दरबार

आस्था का चरम संध्या 6:30 बजे देखने को मिला, जब 1100 दीपकों के साथ बाबा श्याम की भव्य महाआरती की गई। दीपकों की कतारों, शंख-घड़ियाल की ध्वनि और कपूर की खुशबू के बीच भक्तों ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर धर्मलाभ उठाया। पूरा मंदिर परिसर दिव्य रोशनी से नहा उठा और 'जय श्री श्याम' के जयकारों से आसमान गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेंद्र दुसाद, कृष्ण कुमार गोयल, गिरधारी ठेकेदार मनीष सागवान, गोविंद मालधनी, राजेंद्र मुन्ना, गौरव पंडित, संजय ठिकरिया, नरेश, रामचरण कटारिया, रामकिशोर कटारिया, रामप्रकाश मीणा, भगवान बैराड़ा, डा सीताराम, सुनील स्वामी, दीपक सलेमपुर, आदि सदस्य उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story