गंगापुर सिटी: वर्धमान हॉस्पिटल में शुरू होगा राजस्थान का पहला भावना योग सेंटर
मुनि श्री प्रमाण सागर जी की प्रेरणा से मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगी मानसिक शांति, रोगों से मुक्ति में सहायक पद्धति के लिए स्थल का हुआ चयन।

गंगापुर सिटी के वर्धमान हॉस्पिटल में भावना योग सेंटर हेतु स्थान चयन के दौरान मुनि श्री प्रमाण सागर जी के प्रतिनिधि, डॉक्टर मनोज जैन एवं जैन समाज के प्रबुद्ध जन।
गंगापुर सिटी। दिगंबर जैन समाज के विख्यात संत एवं राष्ट्र गौरव, संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज की प्रेरणा से वर्धमान हॉस्पिटल में जल्दी ही मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए भावना योग सेंटर प्रारंभ किया जाएगा। भावना योग के माध्यम से आज जन समुदाय को मानसिक शांति तो मिल ही रही है, साथ ही कई रोगों से मुक्ति में भी यह पद्धति अत्यंत कारगर सिद्ध हुई है।
भावना योग सेंटर के लिए स्थल का चयन
मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के राष्ट्रीय प्रकल्प 'भावना योग' के प्रतिनिधि प्रकाश जैन पाटनी व विजय कुमार पोखरना के नेतृत्व में जैन समाज के विमल जैन गोधा, रमेश जैन, नरेंद्र जैन नृपत्या, सुमेर सोनी, डॉ. मनोज जैन, डॉक्टर सुलेखा जैन, महेश जैन, प्रवीण जैन गंगवाल और ज्ञानेंद्र जैन ने वर्धमान हॉस्पिटल के भवन में ही सेंटर प्रारंभ करने के लिए जगह का चुनाव किया। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में सैकड़ो जगह पर भावना योग केंद्र चल रहे हैं, लेकिन मुनि श्री की प्रेरणा से जैन बंधुओं द्वारा संचालित सभी चिकित्सा केंद्रों में भी मरीजों एवं परिजनों के लिए विशेष केंद्र खोलने का आग्रह किया गया है।
राजस्थान का पहला केंद्र होने का गौरव
इस विशेष अवसर पर वर्धमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉक्टर मनोज जैन, डॉक्टर सुलेखा जैन एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि "राजस्थान में सबसे पहले गंगापुर सिटी में ही वर्धमान हॉस्पिटल में भावना योग केंद्र खोलने का सौभाग्य मिल रहा है, यह हमारे लिए बड़ा गौरव का विषय है।" वर्धमान हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा इसके लिए आवश्यक संसाधन जुटाकर जल्दी ही सेंटर चालू करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
