गंगापुर सिटी: यूजीसी रेगुलेशन 2026 के विरोध में सर्वण समाज की महापंचायत आज
यूजीसी कानून के प्रावधानों को अघोषित आपातकाल बताते हुए सर्वण समाज समिति ने पुरानी अनाज मंडी में आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया और बाजार बंद का आह्वान किया।

गंगापुर सिटी के सीताराम मंदिर परिसर में यूजीसी कानून के विरोध में आयोजित बैठक के दौरान रणनीति तैयार करते सर्वण समाज समिति के सदस्य और पदाधिकारी।
गंगापुर सिटी। यूजीसी कानून के विरोध में सर्वण समाज की विशाल महापंचायत 1 मार्च रविवार को सायं 4:00 बजे पुरानी अनाज मंडी स्थित मेला ग्राउंड परिसर में आयोजित होगी। इस महापंचायत की सफलता के लिए पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में सर्वण समाज समिति की एक बैठक रखी गई, जिसमें महापंचायत की तैयारियों को लेकर चर्चा कर अमलीजामा पहनाया गया। बैठक के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर महापंचायत में शामिल होने का आग्रह किया गया।
तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप और समिति सदस्यों की उपस्थिति
महापंचायत के आयोजन के लिए पांडाल व्यवस्था, मंच व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि की जिम्मेदारियों को सौंप कर पूरा किया गया है। बैठक में गोविंद बरनाला, चंद्र प्रकाश, हेमेंद्र बोहरा, राजेंद्र सिंह नरूका, महेश पाल सिंह, रिंकू सिंह जादौन, वेद प्रकाश मंगल, सीताराम गुप्ता, राधा मोहन गोयल, राम अवतार ढोला, शैलेंद्र शर्मा, हरिओम भगत, बाबूलाल व्याख्याता, दिलीप तिवारी, सतीश, वेद प्रकाश गुप्ता, महेंद्र गर्ग आदि सहित दर्जनों सर्वण समिति सदस्य उपस्थित रहे।
प्रखर वक्ता और प्रबुद्ध जन करेंगे संबोधित
वक्ताओं ने बताया कि महापंचायत को संरक्षक स्वामी आनंद स्वरूप, एडवोकेट अनिल मिश्रा, करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना, पूर्व मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, संरक्षक युवा अग्रवाल सम्मेलन श्रीमती संगीता गर्ग, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा अग्रवाल सम्मेलन के हेमराज जिंदल, संरक्षण सर्वण समिति रुचि त्रिपाठी, सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट रीना एन सिंह, संस्थापक सुनील उदेईया, संस्थापक विप्र सेवा के सुनील तिवारी आदि संबोधित करेंगे।
यूजीसी रेगुलेशन 2026 को बताया अघोषित आपातकाल
बैठक में गोविंद बरनाला ने कहा कि "यूजीसी रेगुलेशन 2026 के असंवैधानिक प्रावधानों में भारत के सामान्य वर्ग पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है, इससे सामान्य वर्ग के मन में कई तरह की वेदनाएं उत्पन्न हो गई है।" चंद्र प्रकाश ने कहा कि "सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ जातिगत भेदभाव नहीं हो सकता, सामान्य वर्ग के बच्चों का प्रताड़ित करने के साथ भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का प्रावधान यूजीसी कानून एक्ट में लागू किया गया है जो बर्दाश्त नहीं है। यह कानून सामान्य वर्ग के छात्रों का करियर शुरू होने से पहले ही समाप्त करने की साजिश है। केंद्र सरकार इस कानून को तुरंत प्रभाव से वापस ले अन्यथा शांति और शालीनता से जीवन यापन करने वाला सामान्य वर्ग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने पर उतारू होगा।"
व्यापारी वर्ग का समर्थन और बाजार बंद का आह्वान
व्यापार संघ के वेद प्रकाश मंगल ने कहा कि "1 मार्च रविवार को सभी व्यापारी वर्ग शाम 4:00 बजे अपने-अपने दुकान प्रतिष्ठान व्यापार बंद रखकर इस महापंचायत में शामिल होंगे। प्रत्येक क्षेत्र में सामान्य वर्ग के भेदभाव को सरकार समाप्त करें, यूजीसी काला कानून को सरकार तुरंत प्रभाव से वापस ले, हम अपने बच्चों का भविष्य अंधकारमय नहीं होने देंगे।"
जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से आमंत्रण
समिति द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्ड एवं कॉलोनी मुख्य बाजारों में जा जाकर देवी स्टोर चौराहे, चौपड़ बाजार, सैनिक नगर, उदेई मोड़, सालौदा क्षेत्र, मिर्जापुर क्षेत्र, नसिया कॉलोनी, सूरसागर में नुक्कड़ सभा करके महापंचायत में आने का निमंत्रण देकर यूजीसी काला कानून के बारे में बताया गया। समिति ने आह्वान किया कि "सर्वण समाज की विशाल महापंचायत में 1 मार्च को पुरानी अनाज मंडी में शाम 4:00 बजे व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर एवं समस्त सामान्य वर्ग परिवार सहित शामिल होकर सर्वण महापंचायत एवं रैली को सफल बनाएं।"

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
