केलवा के पालीवाल मोहल्ले में क्षतिग्रस्त सड़क और पाइपलाइन से जल संकट
केलवा ग्राम पंचायत में जलदाय विभाग द्वारा सीसी सड़क और पाइपलाइन तोड़ने के बाद 18 दिनों से जलापूर्ति ठप, महिलाओं ने प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी।

केलवा के पालीवाल मोहल्ले में मंगलवार को क्षतिग्रस्त सड़क पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करतीं ग्रामीण महिलाएं।
केलवा ग्राम पंचायत के अंतर्गत केलवा के पालीवाल मोहल्ले में जलदाय विभाग द्वारा पाइपलाइन निकालने के लिए सीसी सड़क, नालियां एवं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क व नाली की बदहाली के साथ-साथ पिछले 17–18 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है।
संकट में ग्रामीण और बेजुबान पशु
- हालात ऐसे हैं कि खराब सड़क के कारण पानी का टैंकर भी मोहल्ले तक नहीं आ पा रहा है।
- इससे ग्रामीणों व पशुओं को गंभीर जल संकट झेलना पड़ रहा है।
- मोहल्ले की सीसी सड़क पूरी तरह टूटकर पत्थरों में बिखर चुकी है, जिस पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
महिलाओं का फूटा गुस्सा और प्रदर्शन
इसको लेकर मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने क्षतिग्रस्त सड़क पर खड़े होकर नारेबाजी करते हुए ग्राम पंचायत एवं जलदाय विभाग, प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाएं:
लिला देवी, तुलसी देवी, प्रेम देवी, दुर्गा देवी, तारा देवी, बसंती देवी, मीना देवी, टमु बाई, गंगा देवी, मोहनी देवी, हिरा देवी, ममता देवी, कुसुम देवी, रेखा देवी।
बदहाल बुनियादी ढांचा और हादसे
नालियां क्षतिग्रस्त होने से पूरे मार्ग में गंदा पानी व कीचड़ फैला रहता है। वहीं सड़क खुदी होने से नल पानी की पाइपलाइन भी टूट गई है, जिससे पिछले कई दिनों से घरों में एक बूंद पानी नहीं पहुंच रहा है। टैंकर की व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है। ऐसे में ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई छोटे बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। कीचड़ व गंदगी के कारण कपड़े भी खराब हो रहे हैं।
प्रशासनिक लापरवाही और ग्रामीणों की चेतावनी
महिलाओं ने बताया कि सड़क, नाली व पानी की पाइपलाइन को लेकर कई बार ग्राम पंचायत में शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जलदाय विभाग द्वारा पुरानी सीसी सड़क खोदकर नए निर्माण की बात कही गई थी, परंतु कई दिनों से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
"यदि शीघ्र सड़क, नालियों व पानी की पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो मजबूरन उग्र आंदोलन किया जाएगा।"
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
