आमेट में 78वां अणुव्रत स्थापना दिवस और 'एक शाम तुलसी के नाम' भजन संध्या आयोजित
तेरापंथ सभा भवन में अणुव्रत समिति द्वारा आचार्य तुलसी की स्मृति में भजनों और काव्य धारा के माध्यम से संयम और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया गया।

आमेट के तेरापंथ सभा भवन में आयोजित 'एक शाम तुलसी के नाम' कार्यक्रम के दौरान अणुव्रत ध्वजारोहण करते समिति सदस्य और उपस्थित श्रद्धालु।
आमेट | 1 मार्च: अणुव्रत समिति द्वारा 78वें अणुव्रत स्थापना दिवस के पावन अवसर पर “एक शाम तुलसी के नाम” भजन संध्या व काव्य धारा का भव्य आयोजन तेरापंथ सभा भवन में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत ध्वज का ध्वजारोहण व सामूहिक अणुव्रत गीत "संयम मय जीवन है" के साथ हुआ।
अणुव्रत संदेश और आचार्य संहिता का वाचन
अणुव्रत समिति अध्यक्ष रेणु छाजेड़ ने अणुव्रत अनुशास्ता गणाधिपति पूज्य गुरुदेव तुलसी के अवदानों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने अणुव्रत के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया व स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात अणुव्रत आचार्य संहिता का वाचन महासभा सदस्य प्रवीण ओस्तवाल द्वारा किया गया।
भजन संध्या एवं भक्तिमयी प्रस्तुतियाँ
सुमधुर भजनों के माध्यम से महेंद्र बोहरा, लाभचंद हिंगड़, मनोहर लाल पितलिया, पवन कच्छारा और सुदीप छाजेड़ ने आचार्य तुलसी पर आधारित व तेरस पर बाबा भिक्षु की आराधना कर भव्य समागम बांधा। मधुर भजनों एवं स्तुति-गीतों के माध्यम से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा और कार्यक्रम ने नैतिकता, संयम और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति एवं संकल्प
इस अवसर पर लाभचंद हिंगड़, महेंद्र बोहरा, निर्मल गेलड़ा, मनोहर लाल पितलिया, प्रवीण ओस्तवाल, सुभाष कोठारी, पवन कच्छारा, विशाल पीतलिया, राकेश जैन, कालू माली व मंजू हिरण, रेणु छाजेड़, अनीता छाजेड़, रीना रांका, सुरेखा ओस्तवाल आदि ने भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने परम पूज्य के आदर्शों, अणुव्रत के सिद्धांतों एवं उनके प्रेरणादायी जीवन संदेशों को स्मरण किया। भजन संध्या में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने अणुव्रत के नियमों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया और इस पावन आयोजन ने सभी के हृदय में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया।
कुशल संचालन एवं आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री अनिता छाजेड़ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आभार ज्ञापन उपाध्यक्ष सुभाष कोठारी ने किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
