टोंक: डिग्गी में मिलावटी दूध फैक्ट्री पर छापा, 5500 लीटर दूध और रसायन जब्त
टोंक पुलिस की डीएसटी टीम ने डिग्गी में नकली दूध बनाने के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, जहां कास्टिक सोडा और तेल से प्रतिदिन 80 हजार लीटर दूध तैयार होता था।

टोंक जिले के डिग्गी थाना क्षेत्र में डीएसटी टीम द्वारा मिलावटी दूध फैक्ट्री पर छापेमारी के बाद जब्त किए गए टैंकर, पीकअप गाड़ियां और भारी मात्रा में केमिकल।
बरामदगी और जब्त सामग्री का विवरण
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दूध सप्लाई के उपयोग में होने वाले साधनों समेत भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है:
- करीब 5,500 लीटर मिलावटी दूध
- 05 दूध से भरी पीकअप गाड़ियां और 01 दूध का टैंकर
- 2,100 लीटर सोयाबीन ऑयल
- 500 लीटर डारडा घी
- 550 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर
- 2,500 किलो लैक्टोजा मोनोहाइड्रेट लैक्टोज
- 105 किलो कास्टिक सोडा
80 हजार लीटर सप्लाई का बड़ा नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध फैक्ट्री रोजाना करीब 80 हजार लीटर मिलावटी दूध अजमेर, टोंक और जयपुर जिलों में सप्लाई कर रही थी।
जहरीले मिश्रण से तैयार होता था दूध
आरोपियों ने पूछताछ में इस खतरनाक प्रक्रिया का खुलासा किया है:
"पानी में स्किम्ड मिल्क पाउडर व लैक्टोज मिलाकर दूध जैसा रंग दिया जाता था। इसे लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए साबुन में इस्तेमाल होने वाला कास्टिक सोडा मिलाया जाता था। फैट बढ़ाने के लिए डारडा घी, पाम ऑयल और सोयाबीन ऑयल मिलाया जाता था, फिर टैंकरों में भरकर शहरों में भेजा जाता था।"
गिरफ्तार आरोपी और कानूनी कार्रवाई
कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फैक्ट्री संचालक सोनू यादव (निवासी बहरोड़) फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की सूची निम्न है:
- कालू पुत्र गोर्वधन मेघवंशी (निवासी कठमाणा, थाना झिराना, जिला टोंक)
- राजू पुत्र जीवराज जाट (निवासी खंडाज, थाना बांदर सिंदरी)
- महिपाल पुत्र रामराज जाट (निवासी ढसूक)
- शिवराज पुत्र कालू जाट (निवासी कटसुरा, थाना अराई)
- ओमप्रकाश पुत्र बद्रीलाल वैष्णव (निवासी छोटी कनाई, थाना भिनाय, जिला अजमेर)
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना डिग्गी में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि "पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भी तलाश की जा रही है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
