नगरफोर्ट: माण्डकलां सरोवर पर टीन शेड डोम निर्माण के लिए 10 लाख की स्वीकृति
टोंक जिला परिषद ने माण्डकलां में कीर-कहार समाज के निर्माणाधीन मंदिर के सामने विकास कार्यों के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।

टोंक जिले के नगरफोर्ट स्थित माण्डकलां सरोवर के तट पर कीर-कहार समाज के निर्माणाधीन मंदिर का वह स्थान जहां जिला परिषद द्वारा टीन शेड डोम का निर्माण कराया जाएगा।
नगरफोर्ट। राजस्थान के सुप्रसिद्ध पर्यटक स्थल व मीनी पुष्कर एवं मांडव ऋषि की तपोभूमि के नाम से विश्व प्रसिद्ध व टोंक जिले का पवित्र सरोवर माण्डकलां नगरफोर्ट में कीर-कहार केवट कश्यप मेहरा समाज के निर्माणाधीन मंदिर के सामने 10 लाख रुपये की लागत से टीन शेड डोम का निर्माण करवाने के लिए टोंक जिला परिषद ने वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है।
सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई थी मांग
माण्डकलां कीर कहार मंदिर निर्माण समिति नगरफोर्ट के संयोजक किशन लाल कहार व्याख्याता ने बताया की "गत वर्ष कीर मेहरा समाज के तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन माण्डकलां नगरफोर्ट में रखा गया था जिसमें मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निजी सचिव व कहार कीर-केवट-कश्यप-मेहरा विकास मंच के प्रदेशाध्यक्ष हरिनंद कहार सहित स्थानीय समाज बंधुओं ने मांग की थी।"
जिला प्रमुख श्रीमती सरोज नरेश बंसल की घोषणा और स्वीकृति
इस मांग पर सम्मेलन के विशिष्ठ अतिथि टोंक जिला प्रमुख श्रीमती सरोज नरेश बंसल ने कीर मेहरा समाज के लिए 10 लाख रुपये की लागत से टीन शेड का डोम बनाने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के क्रम में अब टोंक जिला परिषद ने टोंक जिला प्रमुख श्रीमती सरोज नरेश बंसल की अभिशंषा पर 10 लाख रूपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।
आस्था के प्रतीक मंदिर के सामने होगा निर्माण
यह टीन शेड डोम जन जन की आस्था के प्रतीक एवं प्राचीन काल की धारा नगरी के नाम से विश्व-प्रसिद्ध माण्डकलां के पवित्र सरोवर के तट पर स्थित श्रीहरि सद्गुरु कालू बाबा के निर्माणाधीन मंदिर के सामने खाली भूमि पर बनाया जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
