अभिनेत्री इशिका जैन प्रदेश में युवाओं को जागरूक करने के लिए जिला स्तरीय दौरे और सोशल मीडिया अभियान शुरू करेंगी, जल्द रिलीज होगी उनकी फिल्म 'पोइंट ज़ीरो'।

जयपुर। राजस्थान की लोकप्रिय मॉडल एवं अभिनेत्री इशिका जैन ने प्रदेश में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा करते हुए कहा कि "अब समय आ गया है जब समाज के हर वर्ग को इस गंभीर समस्या के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।" इशिका जैन का मानना है कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए यह लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया और जिला स्तरीय दौरों से जनजागरण

इशिका जैन ने बताया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से लगातार युवाओं से संवाद करेंगी और जिले-दर-जिले दौरा कर नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी। उनका उद्देश्य केवल संदेश देना नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है ताकि वे अपने भविष्य को सुरक्षित रख सकें। उनकी इस पहल को सामाजिक संगठनों और युवाओं का भी समर्थन मिल रहा है। यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर प्रयास करें तो निश्चित ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाया जा सकता है।

अभिभावकों से अपील और बढ़ती चिंता

उन्होंने चिंता जताई कि आजकल कम उम्र के बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने सभी माता-पिता और अभिभावकों से अपील की कि "वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, उनके साथ समय बिताएं और समय-समय पर नशे के दुष्प्रभावों के बारे में खुलकर चर्चा करें।"

फिल्म 'पोइंट ज़ीरो' के जरिए सशक्त संदेश

इसी कड़ी में उनकी आने वाली फिल्म 'पोइंट ज़ीरो' भी नशे के खिलाफ एक सशक्त संदेश देने वाली बताई जा रही है। यह फिल्म युवाओं को नशे की काली दुनिया से दूर रहने की प्रेरणा देगी। बच्चों की परीक्षाएं समाप्त होते ही फिल्म को पूरे राजस्थान में क्रमबद्ध तरीके से रिलीज किया जाएगा। गौरतलब है कि फिल्म का प्रीमियर शो जयपुर स्थित एशिया के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक सिनेमा हॉल राज मंदिर सिनेमा में आयोजित किया जा चुका है, जिसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story