नशा मुक्त ब्यावर अभियान: मानस हेल्पलाइन 1933 की सूचना पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही
जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित, वर्ष 2026 में अब तक 820 किलो से अधिक डोडा पोस्त और अन्य मादक पदार्थ जब्त।

ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलेक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों के साथ नशा मुक्ति रणनीति पर चर्चा करते हुए।
ब्यावर, 26 फरवरी। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूर्णतः सजग एवं सक्रिय है। आज आयोजित समीक्षा बैठक जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र जी, सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु व्यापक रणनीति और मानस हेल्पलाइन
बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु व्यापक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन “मानस–1933” के अधिकतम प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए आमजन से अपील की गई कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना इस हेल्पलाइन पर साझा करें। मानस हेल्पलाइन 1933 के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा जिले में दो स्थानों पर प्रभावी कार्यवाही की गई है। यह कार्यवाही प्रशासन और जनसहयोग से हो रहे सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है। आमजन से अपेक्षा की गई कि वे नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
वर्ष 2026 में अब तक की गई सख्त कार्यवाहियों का विवरण
जिला ब्यावर में वर्ष 2026 के दौरान नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। जनवरी माह में पुलिस विभाग द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 प्रकरण दर्ज कर 352.480 किग्रा डोडा, 22 ग्राम स्मैक, 102 ग्राम अफीम एवं 5.22 किग्रा गांजा जब्त किया गया। वहीं फरवरी माह में 6 प्रकरण दर्ज कर 468.5 किग्रा डोडा व 1.03 किग्रा अफीम सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण कार्यालय अजमेर द्वारा जनवरी में 12 तथा फरवरी में 17 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर कई को नोटिस एवं निलंबन आदेश जारी किए गए। साथ ही पाली कार्यालय द्वारा फरवरी माह में 5 मेडिकल फर्मों की जांच कर 4 को निलंबित किया गया। वर्ष 2026 में अब तक कुल 19 प्रकरण दर्ज कर 24 आरोपियों (3 महिला सहित) की गिरफ्तारी की गई है। साथ ही 9 वाहन जब्त किए गए तथा 820.985 किग्रा डोडा पोस्त, 54 ग्राम 03 मिलीग्राम स्मैक, 5.72 किग्रा गांजा एवं 1.132 किग्रा अफीम जब्त की गई है।
राज्य स्तरीय निर्देशों की अनुपालना और प्रमुख निगरानी बिंदु
गौरतलब है कि दिनांक 08.07.2024 को Narcotics Coordination Centre (NCORD) की राज्य स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह विभाग की अध्यक्षता में आयोजित हुई थी, जिसमें नशा तस्करी की रोकथाम हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उन्हीं निर्देशों की अनुपालना में जिले में सतत कार्यवाही की जा रही है। बैठक में शिक्षण संस्थानों, लाइब्रेरी एवं बस स्टैंड के आसपास स्थित पान-चाय की दुकानों पर मादक पदार्थों के बेचान अथवा सेवन एवं ई-सिगरेट पर औचक निरीक्षण करने तथा डार्क नेट के माध्यम से ड्रग्स तस्करी पर रोक हेतु साइबर पेट्रोलिंग में वृद्धि एवं साइबर थाने द्वारा विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
जनजागरूकता और अवैध गतिविधियों पर अंकुश के निर्देश
प्रशासन ने अभियांत्रिकी कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के शिक्षकों व विद्यार्थियों को “पुलिस मित्र” बनाकर जनजागरूकता एवं सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध प्रयोगशालाओं पर अंकुश हेतु API केमिकल मूवमेंट की निगरानी एवं पुलिस कार्मिकों का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। अफीम एवं गांजे की अवैध खेती की निगरानी तथा डायवर्जन पर सख्ती बरती जाएगी। मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित एवं सायकोट्रोपिक दवाओं जैसे ट्रामाडोल व कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध बिक्री पर संयुक्त निरीक्षण होगा। भांग के वैध ठेकों पर संचालित अवैध गतिविधियों की रोकथाम की जाएगी तथा युवाओं एवं महिलाओं की सहभागिता से जागरूकता अभियान चलाकर विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रशासन की अपील और गोपनीयता का आश्वासन
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि "यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध क्रय-विक्रय, सेवन या तस्करी की जानकारी हो तो तुरंत राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस–1933 पर सूचित करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।" “नशा मुक्त ब्यावर—हम सबकी जिम्मेदारी” के संकल्प के साथ प्रशासन अवैध नशे के व्यापार को जड़ से मिटाने हेतु प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
