बीकानेर के बज्जू में हुई दरिंदगी के विरोध में सेन समाज ने प्रतापगढ़ मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन कर पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग की।

घटना का विवरण और आक्रोश

राजस्थान के बीकानेर जिले के एक थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। जिला सेन समाज की ओर से आज प्रतापगढ़ मिनी सचिवालय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सोपा। इस हृदयविदारक घटना से पूरा समाज आहत है और भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में बज्जू क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन जारी है। लोगों का कहना है कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

लापता होने से शव मिलने तक का घटनाक्रम

ज्ञापन में बताया कि:

  • बालिका 21 फरवरी को परीक्षा देने घर से निकली थी और लापता हो गई।
  • बाद में उसका शव रोही क्षेत्र में अर्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन और प्रमुख मांगें

आक्रोशित सेन समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गई हैं:

  • सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी।
  • फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोरतम सजा दिलाना।
  • पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व डेयरी बूथ आवंटन।
  • एक करोड़ रुपये का मुआवजा।
  • भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करना।

आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन किया जाएगा और बालिका को न्याय मिलने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।


Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story