बंधन बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। बैंक का कुल कारोबार 11 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3.2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है। इस अवधि में बैंक की कुल लोन बुक सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 1.56 लाख करोड़ रुपए तक पहुँच गई, जबकि कुल डिपॉजिट सालाना आधार पर 7 प्रतिशत बढ़कर 1.65 लाख करोड़ रुपए हो गया।

बैंक के कुल डिपॉजिट में रिटेल जमा का हिस्सा लगभग 74 प्रतिशत रहा। वित्त वर्ष 2026-27 में कारोबार में दर्ज इस बढ़ोतरी को बैंक के बढ़ते डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, बेहतर परिचालन दस्ता और उत्कर्षता की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया गया है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा 502 करोड़ रुपए रहा।

बंधन बैंक अब भारत के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 35 में लगभग 6,400 बैंकिंग आउटलेट्स के माध्यम से करीब 3.2 करोड़ ग्राहकों को सेवाएँ दे रहा है। बैंक में काम करने वाले कर्मचारियों की कुल संख्या 74,500 से ज्यादा है।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बैंक ने अपने डिपॉजिट बेस में साल-दर-साल 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है और डिपॉजिट बुक 1.65 लाख करोड़ रुपए तक पहुँच गई है। इसी अवधि में कुल एडवांसेज 1.56 लाख करोड़ रुपए तक पहुँच गए हैं। करंट अकाउंट और सेविंग्स अकाउंट (कासा) का अनुपात 29.4 प्रतिशत रहा।

वित्तीय स्थिरता के एक अहम पैमाने माने जाने वाले बैंक के कैपिटल एडिक्वेसी रेश्यो (सीएआर) का स्तर 18.2 प्रतिशत रहा, जो रेगुलेटरी सीमा से काफी ऊपर है।

बैंक के प्रदर्शन पर एमडी एवं सीईओ पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा, "वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का हमारा प्रदर्शन बंधन बैंक की मजबूती, हमारी टीमों की प्रतिबद्धता और हमारे शेयरधारकों के हम पर निरंतर बने विश्वास को दर्शाता है। इसी गति को बनाए रखते हुए हम ग्राहक-केंद्रित तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम विकास पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। अपने वितरण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाकर, उत्पादों की श्रृंखला का विस्तार करके तथा आँकड़ों पर आधारित विश्लेषण का प्रभावी उपयोग करते हुए हम अपने ग्राहकों और सभी हितधारकों के लिए अधिक मूल्य सृजित करने के साथ-साथ संतुलित, सतत और भविष्य के लिए तैयार विकास सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं।"

बंधन बैंक अपने एसेट बेस में विविधता लाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिसमें रिटेल पोर्टफोलियो को बढ़ाने पर रणनीतिक जोर दिया जा रहा है। कार्यक्षमता बढ़ाने, उत्पादकता में सुधार करने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए डिजिटलीकरण में तेजी लाना बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पहली तिमाही के आंकड़े बताते हैं कि बैंक ने कारोबार विस्तार, डिपॉजिट वृद्धि और डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में अपनी रणनीति को आगे बढ़ाया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story