तेरापंथ भवन चेम्बूर में मंत्रदीक्षा का भव्य आयोजन, 11 ज्ञानशालाओं के 200 बच्चों ने दी अहिंसा का संदेश
मुंबई के तेरापंथ भवन चेम्बूर में मंत्रदीक्षा कार्यक्रम में 11 ज्ञानशालाओं के 200 बच्चों ने भाग लिया। साध्वी निर्वाणश्री ने नवकार मंत्र और अहिंसा का संदेश दिया।

मुंबई के तेरापंथ भवन, चेम्बूर में युगप्रधान आचार्य महाश्रमण की विदुषी साध्वी निर्वाणश्री ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में मंत्रदीक्षा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। तेरापंथ युवक परिषद चेम्बूर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीमद् रायचंद, जीतमल एवं माणकगणी जोन की 11 ज्ञानशालाओं से करीब 200 बच्चे और 80 प्रशिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
मंत्रदीक्षा के उपक्रम को संपादित करते हुए विदुषी साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि जो स्मरण मात्र से हमारी रक्षा करता है, वह मंत्र है। उन्होंने कहा कि जैन शासन का महामंत्र नवकार सर्वोच्च मंत्र है। यह मंत्र सर्व पापों का नाशक है तथा सर्व मंगलों में सर्वोपरी है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे इस मंत्र का नियमित स्मरण करें और अपने जीवन को सुसंस्कारों से सज्जित करें।
कार्यक्रम में प्रबुद्ध साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने अपने संयोजकीय वक्तव्य में कहा कि आज के कार्यक्रम की मुख्य थीम अहिंसा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानशाला के बच्चों ने अपनी सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से अहिंसा की महिमा का प्रभावी संदेश दिया है। उनके अनुसार अहिंसा से ही मानव जाति का कल्याण संभव है।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेम्बूर ज्ञानशाला की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत गीत से हुआ। कार्यक्रम संयोजक महेश गांधी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि अभय गांधी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर घाटकोपर, चेम्बूर, पार्क साईट और काजुपाड़ा की ज्ञानशालाओं के बच्चों ने भावपूर्ण लघु नाटिकाओं की सुंदर प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को सार्थक बनाया। मंत्रदीक्षा, नवकार मंत्र के महत्व और अहिंसा के संदेश पर केंद्रित यह आयोजन बच्चों में संस्कारों के संवर्धन और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार का प्रेरक अवसर बना।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
