टोंक: बनास नदी की पुलिया पर कंटेनर और ट्रेलर में भीषण टक्कर, मची अफरा-तफरी
टोंक में NH-52 पर बनास नदी की पुलिया पर कंटेनर और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर। चालक महावीर को 2.5 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया। हादसे के दौरान युवक हनुमान गुर्जर पुलिया से नीचे गिरा। पुलिस जांच जारी है।

हादसे का विवरण
टोंक के सदर थाना क्षेत्र में बनास नदी की पुलिया पर मंगलवार की देर शाम को कंटेनर और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल NH-52 हाईवे से कंटेनर और ट्रेलर जयपुर की ओर जा रहे थे, इस दौरान बनास नदी की पुलिया पर दोनों भारी वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई।
मशक्कत और बचाव कार्य
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर पुलिया के गेप के बीच जाकर झूल गया और कंटेनर के पीछे ट्रेलर की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से चालक महावीर अंदर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही टोंक सिटी सीओ मृत्युंजय मिश्रा और सदर थाना एसएचओ जयमल सिंह राठौड़ जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक शुरू कर स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से चालक को बाहर निकलने का तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने करीब ढ़ाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर चालक महावीर को बाहर निकाल गंभीर हालत में उपचार के लिए सआदत अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के दौरान एक अन्य घायल
वहीं पुलिया पर घटनास्थल पर हादसे को देखने के दौरान एक युवक हनुमान गुर्जर पुलिया के नीचे जा गिरा, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए टोंक के सआदत अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों की रिपोर्ट और जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक: "आगे चल रहे कंटेनर के पीछे से आ रहे ट्रेलर के ब्रेक नहीं लग पाए, जिससे ट्रेलर सीधे कंटेनर से जा भिड़ा।"
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
