राजस्थान क्षेत्रीय एकता संघ एसोसिएशन नवी मुंबई के तत्वावधान में पनवेल में 31 अक्टूबर को राजपूत समाज द्वारा हवन यज्ञ और भूमि पूजन समारोह का आयोजन होगा। महंत देवीदास महाराज के सान्निध्य में यह आयोजन समाज की एकता और परंपरा का प्रतीक बनेगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज बंधु शामिल होंगे।

मुंबई। राजस्थान क्षेत्रीय एकता संघ एसोसिएशन नवी मुंबई के तत्वावधान में राजपूत समाज द्वारा खरीदी गई भूमि पर हवन यज्ञ और भूमि पूजन का भव्य आयोजन गुरुवार, 31 अक्टूबर को पनवेल (नवी मुंबई) में किया जाएगा। यह समारोह न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि समाज की एकता और संगठन शक्ति का भी प्रदर्शन करेगा।

संघ के संस्थापक एवं लाल सिंह चुंडावत ठिकाना टणका ने बताया कि आयोजन स्थल वापदेव वाड़ी, देहरंग गांव, गाढ़ेश्वर महादेव मंदिर मार्ग, माथेरान रोड, न्यू पनवेल (पूर्व) पर तैयार किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे हवन यज्ञ से होगा, जो 11 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे भूमि पूजन संपन्न होगा और दोपहर 2:30 बजे से भूमि दानदाताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में महंत देवीदास महाराज हनुमान दास जी की धूणी, घाणेराव, भूमि पूजन की वेदी पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा करवाएँगे। इस दौरान वातावरण धार्मिक अनुष्ठानों की पवित्र ध्वनियों से गूंजेगा। समाज के वरिष्ठजन, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में राजपूत समाज बंधु इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

संघ परिवार के संयोजक प्रेम सिंह कुंपावत ठिकाना मानी, गणपत सिंह मेड़तिया ठिकाना साँवलता, वीरेंद्र सिंह पवार ठिकाना तखतगढ़, और इंदर सिंह चुंडावत ठिकाना चुंडावतों की खेड़ी सहित संस्था के कई सदस्य आयोजन को भव्य और यादगार बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

यह समारोह केवल भूमि पूजन का आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक और आध्यात्मिक एकजुटता का प्रतीक भी है। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से राजपूत समाज एक नई सामाजिक और सांस्कृतिक दिशा की ओर कदम बढ़ा रहा है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story