कोटा महोत्सव: पर्यटन सहयोगियों को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
अतिरिक्त जिला कलेक्टर कृष्णा शुक्ला ने सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र दिए और कोटा महोत्सव को राजस्थान पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने का प्रस्ताव रखा।

कोटा के छावनी स्थित माहेश्वरी जलसा होटल में आयोजित समारोह के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर कृष्णा शुक्ला और व्यापार महासंघ के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी उपस्थित अतिथियों को सम्मानित करते हुए।
कोटा, 1 मार्च 2026। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा कोटा महोत्सव के आयोजनों को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने वाली सभी सहयोगी संस्थाओं को जिला कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस संदर्भ में आज अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) कृष्णा शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में छावनी स्थित माहेश्वरी जलसा होटल में एक समारोह का आयोजन किया गया। हाड़ोती को पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित करने के जिस तरह के प्रयास चल रहे हैं निश्चित ही आने वाला समय में हाड़ोती पर्यटन नगरी के रूप में राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई डेस्टीनेशन के रूप में उभरेगा, यह विचार कृष्णा शुक्ला, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ने व्यक्त किए।
विभिन्न संस्थाओं और सहयोगियों का सम्मान
समारोह में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन, कोटा व्यापार महासंघ, कोटा व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन, श्री सर्राफा बोर्ड एवं उसकी सभी सहयोगी संस्थाएं, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन, मीडिया, इनफ्लुएंस कचोरी पेस्ट वाले शुभम कचोरी, रतन कचोरी, बृजवासी मिष्ठान भंडार, पारस नमकिन एवं साफा बन्धन के लिए कोटा खल चुरी व्यापार समिति सहित कई संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र, सम्मान प्रतीक एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा बनाई गई स्मारिका देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सचिव कोशल बंसल, सरार्फा संस्थाओं के चेयरमेन आनंद राठी, कोटा व्हीकल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भाटिया, कोटा ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पंकज सोनी, कोटा इनफ्लुएंस एसोसियेशन की अध्यक्ष भाविका प्रीतरमानी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर इन्फ्लुएंस संस्था एवं सोशल मीडिया से जुड़े 50 से अधिक व्यक्तियों को कोटा महोत्सव के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने के लिए सम्मानित किया गया।
चार दिवसीय कोटा महोत्सव और पर्यटन कैलेंडर का लक्ष्य
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि "अगला कोटा महोत्सव एवं कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट चार दिवसीय किए जाने के प्रयास होंगे एवं कोटा महोत्सव को राजस्थान पर्यटन कैलेंडर में शामिल किया जाए"। माहेश्वरी ने बताया कि कोटा महोत्सव के दौरान गणेश वंदना, हेरिटेज वॉक एवं चंबल महाआरती जैसे मुख्य आयोजनों को भव्य बनाने के लिए इन सभी संस्थाओं ने अपनी संपूर्ण भागीदारी निभाई है। जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन में जन-जन को जोड़ने एवं सभी संस्थाओं की भागीदारी निहित करना एक सराहनीय कार्य था। साथ ही सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किए जाने से आने वाले समय में ऐसे आयोजन को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा, क्योंकि ऐसे आयोजन की सोच ही हमारे को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएगी।
हेरिटेज वॉक और जन-सहयोग की भव्यता
आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि गोदावरी धाम पर गणेश वन्दना में साफा बंधन और प्रसाद वितरण किया गया। हेरिटेज वॉक में श्री नन्दग्राम व्यापार समिति, नंदग्राम व्यापार समिति, पाटनपोल व्यापार संघ द्वारा श्री मथुरादेश जी कॉरिडोर के शिलान्यास एवं हेरिटेज वॉक के शुभारंभ का भव्य आयोजन रखा गया, जहां पर ढोल नगाड़े बजाकर एवं 150 से अधिक लोक कलाकारों और धार्मिक भजनों के साथ इस हेरिटेज वॉक का शुभारंभ हुआ। यह वॉक गढ़ पैलेस पर पहुंची, जहां पर कोटा नमकीन व्यापार समिति, हाड़ोती हलवाई कैटरर्स एसोसियेशन सहित कई संगठनों द्वारा कचोरी पेस्ट का आयोजन रखा गया, जहां हजारों कचोरिया, जलेबी व चाय का वितरण किया गया और सभी का समाज सेवी कैलाशचंद जैन की ओर से साफा बांधा गया। साथ ही कोटा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की ओर से सभी को कोटा महोत्सव के बेच लगाए गए।
व्यापारिक संगठनों का अभूतपूर्व योगदान
हेरिटेज वॉक के मार्ग में व्यापार महासंघ की सदस्य संस्थाओं द्वारा 150 से अधिक स्वागत द्वार बनाए गए, जिसमें कोटा टेन्ट डीलर्स एसोसिएशन, हाडोती हलवाई कैटरर्स कल्याण समिति, केथूनीपोल लाल बृज दुकानदार संघ, सुभाष मार्ग गधी जी की पुल व्यापार संघ, सुभाष सर्किल व्यापार संघ, इन्द्रा मार्केट कपड़ा व्यापारी संघ, व्यापारी संघ पुरानी सब्जी मंडी, विजय मार्केट व्यापार संघ, मावा व्यापार संघ, अग्रसेन बाजार व्यापार संघ, नयापुरा चौराहा व्यापार संघ, कुन्हाडी व्यापार संघ, बूंदी बालिता रोड व्यापार संघ, दी होलसेल क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन, जवाहर नगर व्यापार संघ, श्री सराफा बोर्ड, श्री स्वर्ण रजत कला उत्थान समिति, चौथ माता स्वर्ण रजत व्यापार समिति, न्यू कोटा सर्राफा संगठन, श्री सरार्फा थोक विक्रेता व्यावसायिक संघ, जे पी मार्केट एसोसियेशन, कोठारी टेन्ट सहित कई संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा, पानी की बोतलें, कचोरी और पोहा का वितरण कर स्वागत किया गया। हेरिटेज वॉक समापन रामपुरा कोतवाली पर हुआ जहां रामपुरा व्यापार समिति की ओर से भव्य स्वागत एवं सभी को पकौड़ी चाय का वितरण किया गया।
चंबल महाआरती और भविष्य की रूपरेखा
शाम को चंबल रिवर फ्रंट पर कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन की भागीदारी से भव्य ऐतिहासिक चंबल महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं कोटा व्यापार महासंघ द्वारा भी अहम भूमिका निभाई गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कृष्णा शुक्ला ने कहा कि सरकारी बजट नहीं होने के बावजूद भी जिस तरह से कोटा महोत्सव के आयोजन में समाज के सभी वर्गों द्वारा भागीदारी निभाकर इसे भव्य, अद्भुत और अभूतपूर्व बनाया गया, वह निश्चित ही आने वाले समय में हाड़ोती के पर्यटन विकास का एक नया इतिहास बनाएगा। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि हाड़ोती पर्यटन के मामले में किसी भी संभाग से कम नहीं है और जिला प्रशासन कोटा महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर वर्ष में जोड़ने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजेगा एवं इसे मंजूर करवाने में अपना पूरा प्रयास करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
