अंजू शर्मा को सामर्थ्य राजस्थान गौरव अवार्ड 2025 से किया गया सम्मानित
झालावाड़ के झालरापाटन में आयोजित राष्ट्रस्तरीय समारोह में महाराज राणा चंद्रजीत सिंह और जिला कलेक्टर ने समाज सेवा हेतु न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसायटी अध्यक्ष को नवाजा।

झालरापाटन के गीतांजलि होटल में आयोजित समारोह के दौरान झालावाड़ महाराज राणा चंद्रजीत सिंह, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और अन्य अतिथि अंजू शर्मा को सम्मानित करते हुए।
कोटा। न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती अंजू शर्मा को समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित सामर्थ्य राजस्थान गौरव अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सामर्थ्य सेवा संस्थान, झालावाड़ द्वारा रविवार को झालरापाटन स्थित गीतांजलि होटल में आयोजित एक भव्य राष्ट्रस्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में भव्य सम्मान समारोह
झालावाड़ के गीतांजलि होटल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में झालावाड़ महाराज राणा चंद्रजीत सिंह, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया, हरिशंकर शर्मा, पुखराज जैन एवं डॉ. राम चंद्रावल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इन विशिष्ट अतिथियों ने श्रीमती अंजू शर्मा को वर्ष 2010 से लगातार हाड़ौती क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक एवं महिला सशक्तिकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु इस गौरवशाली पुरस्कार से नवाजा।
सामाजिक सरोकार और महिला सशक्तिकरण में अनुकरणीय योगदान
श्रीमती अंजू शर्मा के नेतृत्व में न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसाइटी द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को त्योहारों पर सहयोग, महिला जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन तथा विभिन्न सामाजिक अभियानों में उल्लेखनीय योगदान दिया जा रहा है। संस्था के तत्वाधान में "हरित हाडोती हरित राजस्थान महा अभियान, पर्यावरण एवं जल संरक्षण कार्यक्रम, मातृशक्ति सम्मान, खुशियों की पोटली महा अभियान, महिला जागरूकता अभियान, हाडोती गौरव सम्मान" सहित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन जन जागरूकता के लिए किया जाता है।
देशभर की प्रतिभाओं का संगम और हर्ष का माहौल
इस राष्ट्रस्तरीय सम्मान समारोह में देशभर से चयनित 45 प्रतिभाओं को राजस्थान गौरव सम्मान तथा 25 प्रतिभाओं को सामर्थ्य ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। कोटा संभाग की विभिन्न सामाजिक संगठनों ने श्रीमती अंजू शर्मा के अवार्ड प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
