सपोटरा के सीताराम बगीची शिव मंदिर में मूर्तियां खंडित, बाजार बंद
करौली के सीताराम बाबा की बगीची में असामाजिक तत्वों ने प्राचीन प्रतिमाएं तोड़ीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने बाजार बंद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

करौली जिले के सपोटरा में सीताराम बाबा की बगीची स्थित शिव मंदिर में प्रतिमाएं खंडित होने के बाद मौके पर जांच करती पुलिस और एकत्रित स्थानीय श्रद्धालु।
करौली जिले के सपोटरा उपखंड मुख्यालय पर शनिवार रविवार रात को अज्ञात बदमाशों ने सीताराम बाबा की बगीची स्थित एक शिव मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं को खंडित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सपोटरा पुलिस मौके पर पहुंची व बारीकी जांच शुरू की। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैलने सहित बाजार बंद करके लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जल्द अज्ञात बदमाशों को गिरफ्तारी की मांग की है।
मंदिर में प्रतिमाओं को पहुँचाया गया नुकसान
सपोटरा थानाधिकारी अबीजीत मीणा ने बताया कि उपखंड मुख्यालय पर स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर में असामाजिक तत्वों ने रात के समय प्रवेश किया और प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब स्थानीय लोगों को इस घटना का पता चला, तो बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जमा हो गए और उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
"घटना की जानकारी मिलते ही सपोटरा थानाधिकारी अबजीत कुमार व सपोटरा डीएसपी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।" उन्होंने स्थिति का जायजा लिया एवं मंदिर परिसर को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया है।
साक्ष्य जुटाने और गिरफ्तारी के प्रयास
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करने सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों की पहचान की जा सके। क्षेत्र के लोगों ने इस मामले में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
