करौली मदनमोहनजी मंदिर में फागोत्सव: फूलों की होली और झांकियों ने मोहा मन
श्री राधा मदन मोहन शयन भक्त मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ब्रज के कलाकारों ने सजीव झांकियां प्रस्तुत कीं और श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेली।

करौली में सुप्रसिद्ध जन-जन के आराध्यदेव श्री राधा मदनमोहन मंदिर में फागोत्सव का आयोजन भक्तिभाव व हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय व बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां देने सहित फूलों की होली व सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
दीप प्रज्वलन और संदेश के साथ उत्सव का आगाज
फाग उत्सव का शुभारंभ पूर्व विधायक रोहिणी देवी, नगर परिषद की पूर्व सभापति डॉ. राजरानी शर्मा, एसपी लोकेश सोनवाल व भाजपा नेता सुशील शर्मा ने मदनमोहनजी की फोटो पर पुष्प बरसाकर किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने "प्रेम, सौहार्द व भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।"
मिनी वृंदावन में तब्दील हुआ मंदिर परिसर
उत्सव में स्थानीय होली गायकों ने पारंपरिक होली व फाग गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। आगरा से आई मंडली के साथ वृंदावन व मथुरा से पहुंचे कलाकारों ने श्रीकृष्ण, राधा व सखियों की सजीव झांकियां प्रस्तुत कर नृत्य किया और फूलों की होली खेली। ब्रज से आए कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों और फूलों की होली से सभी को मिनी वृंदावन की अलौकिकता का अहसास हुआ।
भक्ति के रंग में सराबोर हुए श्रद्धालु
फूलों की होली के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते-नाचते नजर आए। श्रोताओं ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फाग उत्सव की शुभकामनाएं दीं, वहीं अतिथियों ने भी श्रोताओं पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री राधा मदन मोहन शयन भक्त मंडल द्वारा किया गया, जिसमें फाग उत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे।
प्रसादी एवं ठंडाई का होगा वितरण
आयोजकों शिवजी प्रसाद शास्त्री, जयंत शर्मा व खेमचंद ने बताया कि सोमवार को मंदिर में प्रसादी व ठंडाई का वितरण किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
