बकानी (झालावाड़), 3 अगस्त। बकानी थाना पुलिस ने 13 वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अवैध रूप से बिजली के तार के माध्यम से मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने शव को घटनास्थल से हटाकर नाले के पास एक गड्ढे में छिपा दिया। शव को मिट्टी और पत्तों से ढकने के साथ ही उसके ऊपर नमक भी डाला गया, ताकि शव जल्द नष्ट हो जाए और साक्ष्य मिटाए जा सकें।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य जांच के आधार पर मामले का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मुकेश भील (27) निवासी बड़ाय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं एवं अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए विधिक कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story