जयपुर: लक्ष्मणगढ़ नागरिक परिषद का भव्य होली महोत्सव संपन्न
बनीपार्क धर्मार्थ संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में प्रवासी बंधुओं ने चंग की थाप और पारंपरिक लोकगीतों के साथ राजस्थानी संस्कृति का उत्सव मनाया।

जयपुर के बनीपार्क स्थित शिव सर्किल पर आयोजित होली महोत्सव में चंग और ढप की धुनों पर लोकगीतों की प्रस्तुति देते कलाकार और उपस्थित लक्ष्मणगढ़ के प्रवासी बंधु।
जयपुर, 01 मार्च। लक्ष्मणगढ़ नागरिक परिषद, जयपुर द्वारा 1 मार्च 2026 को बनीपार्क धर्मार्थ संस्थान, शिव सर्किल, बनीपार्क में आयोजित होली महोत्सव आत्मीयता, अपनत्व और सांस्कृतिक उल्लास के बीच भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में जयपुर में निवासरत लक्ष्मणगढ़ के प्रवासी बंधु बड़ी संख्या में शामिल हुए और अपनी मिट्टी की यादों को फिर से जी उठे। यह आयोजन बनीपार्क धर्मार्थ संस्थान एवं लक्ष्मणगढ़ नागरिक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में हर वर्ष परंपरागत रूप से आयोजित किया जाता है।
सांस्कृतिक परंपरा और भावनात्मक जुड़ाव
वर्षों से चली आ रही यह परंपरा केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रवासी बंधुओं के लिए अपने गांव, अपनी संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का भावनात्मक सेतु है। कार्यक्रम में हर्षवर्धन एवं उनकी पार्टी के कलाकारों ने ढप, चंग और बांसुरी की मधुर धुनों पर पारंपरिक होली धमाल की मनमोहक प्रस्तुति दी। विशेष रूप से होली पर्व पर चंग का अपना अलग ही महत्व है। घनश्याम सुवटा, घनश्याम इंदौरिया, विकास मिश्रा, यशपाल सारण लक्ष्मणगढ़ द्वारा एक से बढ़कर एक लोकगीतों की प्रस्तुति चंग, ढप और बांसुरी की मधुर धुनों के साथ पारंपरिक होली धमाल की आकर्षक प्रस्तुति के रूप में दी गई।
लोकसंस्कृति और उत्साह का संगम
राजस्थान की लोकसंस्कृति में चंग केवल एक वाद्य यंत्र नहीं, बल्कि उत्साह, उमंग और सामूहिक एकता का प्रतीक है। जैसे ही चंग की थाप गूंजी, मानो फाल्गुन की मस्ती पूरे वातावरण में घुल गई और सभी एक स्वर में रंगों के उत्सव में डूब गए। बुजुर्गों की आंखों में बीते वर्षों की स्मृतियां झलक रही थीं, युवा जोश और उत्साह से सराबोर थे और बच्चों की खिलखिलाहट ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कलाकारों की मधुर गायकी और लोकनृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
आयोजकों द्वारा आभार और शुभकामना संदेश
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए यशपाल सारण, हेमंत जांगिड़, लक्ष्मीकांत जाजोदिया, लक्ष्मीनारायण निरानिया, रामप्रसाद सैनी, प्रभुदयाल अग्रवाल एवं दिनेश शर्मा तथा बनीपार्क धमार्थ संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज बाढ़दार एडवोकेट, मंत्री विरेन्द्र परवाल, कोषाध्यक्ष अतुल खाखोलिया, सोम शेखर आडवियप्पा ने सभी प्रवासी बंधुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि "यह वार्षिक आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है।" अंत में लक्ष्मणगढ़ नागरिक परिषद, जयपुर ने सर्व समाज को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि रंगों का यह पावन उत्सव सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और प्रेम के नए रंग भर दे तथा समाज में सद्भाव और एकता को और सुदृढ़ बनाए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
