हाथोज धाम में 1221वाँ फागोत्सव और राम नाम संकीर्तन समारोह संपन्न
स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज के सानिध्य में आयोजित उत्सव में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली।

जयपुर के हाथोज धाम में आयोजित 1221वें फागोत्सव के दौरान ठाकुरजी की महाआरती में सम्मिलित होते श्रद्धालु और वैष्णव मंडल के सदस्य।
जयपुर। कालवाड़ रोड स्थित श्री दक्षिण मुखी बालाजी महाराज, हाथोज धाम में प्राचीन रामानुज संप्रदाय पीठ पर आज भक्ति, उल्लास और रंगों से सराबोर श्री मन राम नाम संकीर्तन एवं भव्य 1221वाँ फागोत्सव श्रद्धापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर ठाकुरजी के भजनों का आनंद लिया।
स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज का पावन सानिध्य और मुख्य यजमान
यह आयोजन हाथोज धाम पीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य यजमान के रूप में श्री महेन्द्र अग्रवाल, श्री राजू अग्रवाल, श्री देवकी जी सराफ, श्री कृष्ण जी, श्री सुरेश जी, श्री राजेन्द्र कायथवाल आहूजा एवं श्री अमन जी उपस्थित रहे। मुख्य यजमानों ने बताया कि "हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से संकीर्तन एवं फागोत्सव का आयोजन किया गया।"
भगवान का अलौकिक श्रृंगार और संकीर्तन की गूँज
इस अवसर पर भगवान श्री सीताराम जी, बालाजी लक्ष्मी, श्री वेंकटेश भगवान एवं जगतगुरु श्री रामानुज भगवान का विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के बीच चंग-ढप की थाप पर फागोत्सव मनाया गया। फूलों की होली एवं गुलाल बरसाकर भक्तों ने ठाकुरजी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूरा मंदिर परिसर “राम नाम” के संकीर्तन से गूँज उठा और भक्तिरस की अद्भुत धारा प्रवाहित हुई।
महाआरती और सामूहिक भंडारा प्रसादी
कार्यक्रम के उपरांत महंत श्री पुरुषोत्तम दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में सभी वैष्णव मंडल के परिकर द्वारा सामूहिक महाआरती सम्पन्न की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसादी करवाई गई। फागोत्सव के इस आध्यात्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आनंद से ओत-प्रोत कर दिया तथा हाथोज धाम का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
