ओमान के तट पर कमर्शियल जहाज जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की सूचना है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरी स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और वहां के अधिकारियों के साथ मिलकर सक्रिय रूप से तलाशी और बचाव अभियान में समन्वय कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने इस राहत कार्य के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों की निरंतर घटनाओं को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम तनाव कम करने और राजनयिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने का आह्वान दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस लौट सके। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कमर्शियल शिपिंग और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर निर्बाध नेविगेशन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना अनिवार्य है।

Next Story