आईटीबी बर्लिन 2026 में राजस्थान पर्यटन की सशक्त भागीदारी और ब्रांडिंग
पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ के नेतृत्व में विभाग ‘रेगिस्तान से राइन नदी’ थीम पर यूरोपीय बाजार में प्रदेश की संस्कृति और सस्टेनेबल मॉडल को प्रस्तुत करेगा।

जयपुर, 1 मार्च। राजस्थान पर्यटन विभाग 3 से 5 मार्च तक जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित विश्व के सबसे बड़े पर्यटन व्यापार मेले आईटीबी बर्लिन में सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगा। ‘रेगिस्तान से राइन नदी तक’ थीम के साथ प्रदेश की विरासत, संस्कृति, सतत पर्यटन मॉडल और शाही आतिथ्य की झलक अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत की जाएगी। पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ के नेतृत्व में विभाग का प्रतिनिधिमंडल यूरोपीय बाजार, विशेषकर जर्मनी, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम जैसे प्रमुख स्रोत देशों में राजस्थान की ब्रांडिंग को और मजबूत करेगा। पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ के साथ प्रतिनिधि मंडल में पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक पवन जैन व संयुक्त निदेशक डॉ. पुनीता सिंह भी शामिल हैं।
पर्यटन आयुक्त का विजन और वैश्विक साझेदारी
पर्यटन आयुक्त रियाड़ ने कहा कि राजस्थान की पहचान ‘लिविंग हेरिटेज’ के रूप में है, जहां किले-महल, लोकसंस्कृति, उत्सव, वन्यजीव और मरुस्थलीय जीवन आज भी जीवंत अनुभव के रूप में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। वैश्विक स्तर पर बढ़ती ‘सस्टेनेबल’ और ‘अनुभव आधारित’ पर्यटन की मांग के बीच राजस्थान और जर्मनी के बीच यह संवाद नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। पर्यटन आयुक्त रियाड़ ने कहा कि राजस्थान की कोशिश है कि यहां आने वाला हर पर्यटक अमिट अनुभव लेकर लौटे। यूरोप में लक्षित प्रचार और निरंतर संवाद से आने वाले वर्षों में पर्यटक आगमन में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। "उन्होंने कहा कि रेगिस्तान की सुनहरी आभा और राइन नदी व तटीय हरियाली के बीच यह जुड़ाव केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कृति, पर्यावरण और आर्थिक सहयोग का सशक्त सेतु है।" आईटीबी बर्लिन में राजस्थान की भागीदारी भविष्य की वैश्विक साझेदारियों की दिशा तय करने वाली साबित होगी।
यूरोप से मजबूत होता राजस्थान का जुड़ाव
वर्ष 2025 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में कुल 19,45,068 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। इनमें से 5,75,968 पर्यटक प्रमुख 25 यूरोपीय देशों से की गई, जो कुल विदेशी पर्यटकों का लगभग 29.6 प्रतिशत है। यह दर्शाता है कि यूरोप, राजस्थान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्च-क्षमता वाला बाजार है। जर्मनी 82,703 पर्यटक यात्राओं के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जो यह संकेत देता है कि जर्मन बाजार राजस्थान के लिए बेहद खास है। आंकड़ों के अनुसार यूनाइटेड किंगडम 1,33,978, फ्रांस 1,31,270, जर्मनी 82,703, इटली 71,636, स्पेन 38,841, आयरलैंड 26,864, बेल्जियम 20,629, स्विट्जरलैंड 14,605, पोलैंड 14,471, पुर्तगाल 5,600, डेनमार्क 4,664, स्वीडन 4,093, नॉर्वे 3,714, रोमानिया 3,660, ग्रीस 2,826, हंगरी 2,678, चेक गणराज्य 2,544, फिनलैंड 2,351, बुल्गारिया 1,944, स्लोवेनिया 1,687, लिथुआनिया 1,295, यूक्रेन 1,242, सर्बिया 1,023, एस्टोनिया 994 और लक्ज़मबर्ग से 656 पर्यटकों ने राजस्थान की यात्रा की।
विरासत और सतत विकास पर विशेष फोकस
राजस्थान के ऐतिहासिक दुर्ग, मरुस्थलीय सफारी, रणथंभौर जैसे राष्ट्रीय उद्यान, पारंपरिक हस्तशिल्प और लोक उत्सव यूरोपीय पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण हैं। प्रदेश सौर ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी है और भड़ला सोलर पार्क जैसे प्रोजेक्ट राज्य की हरित प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। ईको-कैंप, सामुदायिक होम-स्टे, प्लास्टिक-मुक्त रिसॉर्ट और ई-बाइक टूर जैसे नवाचार राजस्थान को सस्टेनेबल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर रहे हैं।
आईटीबी बर्लिन में राजस्थान के प्रमुख लक्ष्य
आईटीबी बर्लिन में भागीदारी के दौरान पर्यटन विभाग का मुख्य उद्देश्य यूरोपीयन टूर ऑपरेटरों से बी-टू-बी बैठकें करना, सांस्कृतिक पर्यटन का प्रचार करना, सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा देना तथा नए पर्यटन सर्किट और अनुभव आधारित पैकेज का प्रस्तुतीकरण करना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
