अतिरिक्त यात्री भार को नियंत्रित करने के लिए 65 विशेष ट्रेनों के सैकड़ों फेरे, 141 अतिरिक्त डिब्बे और स्टेशनों पर 24 घंटे वॉर रूम से निगरानी की व्यवस्था।

उत्तर पश्चिम रेलवे पर रिकॉर्ड स्पेशल ट्रेनों के संचालन और बेहतर भीड़ प्रबंधन के फलस्वरूप यात्रियों को सुगम और निर्बाध रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है। होली पर्व के अवसर पर अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे पर रिकॉर्ड संख्या में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है जिसके फलस्वरूप यात्रियों को सुगमता से अपने गंतव्य के लिए रेल सेवाएँ उपलब्ध हो रही है। इसके साथ ही रेलवे द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी तैनात किए गए हैं जो यात्रियों का सहयोग कर रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गहन निगरानी रखी जा रही है तथा कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जा रही है।

उच्च स्तरीय निगरानी और वॉर रूम का गठन

मुख्यालय स्तर एवं मंडल स्तर पर उच्च अधिकारियों द्वारा नियमित तौर पर निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए चौबीस घंटे वॉर रूम कार्य कर रहे हैं। होली पर्व पर उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 35 स्पेशल ट्रेनों के 273 ट्रिप संचालन तथा 30 स्पेशल ट्रेनों के 216 ट्रिप संचालन की अवधि में विस्तार किया गया है।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार— "रेलवे द्वारा होली पर्व के अवसर पर विभिन्न मार्गों पर यात्री भार की समीक्षा कर यात्रियों को सुगम रेल यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।"

स्पेशल ट्रेनों का जाल और मार्ग विस्तार

उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में होली के लिए 35 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है जो कि विभिन्न गंतव्यों गोरखपुर, समस्तीपुर, योगनगरी ऋृषिकेश, अमृतसर, मैसूरू, काकिनाडा, गोमतीनगर, भावनगर टर्मिनस, हावडा, तिरूपति, मऊ, साबरमती इत्यादि के लिए संचालित की जा रही है। इसके साथ ही 30 स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है जो कि उत्तर पश्चिम रेलवे के क्षेत्राधिकार से साई नगर शिर्डी, खडकी, वलसाड, बान्द्रा टर्मिनस, दौंड, सोलापुर संतरागांछी, कोयम्बटूर, मुम्बई सेन्ट्रल के लिए संचालित की जा रही है। अतिरिक्त यात्रा को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 53 नियमित ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 141 अतिरिक्त डिब्बें जोड़े गए हैं। रेलवे द्वारा विभिन्न स्तरों पर अतिरिक्त यात्री भार की समीक्षा की जाती है तथा आवश्यकतानुसार स्पेशल ट्रेनों का संचालन एवं अतिरिक्त डिब्बें जोड़ने का प्रावधान किया जाता है।

यात्री सुरक्षा और स्वच्छता अभियान

होली के त्यौहार के दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा, स्वच्छता तथा अनाधिकृत यात्रा रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायम यात्रा सुविधा प्रदान की जा सके। रेलवे द्वारा होली के पर्व पर संचालित ट्रेनों की जानकारी रेलवे की वेबसाइट, रेलवन ऐप, एनटीईएस ऐप, अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। यात्रियों से अपील है कि उचित टिकट लेकर यात्रा करे तथा स्टेशन और ट्रेन में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, टीटीई को देवे या रेलवन ऐप/139 पर शिकायत दर्ज करवाये।

होली के अवसर पर संचालित एवं विस्तारित रेलसेवाओं का पूर्ण विवरण

जोधपुर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल (04829) 05 से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार और वापसी में गोरखपुर-जोधपुर (04830) 06 से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। श्रीगंगानगर-समस्तीपुर (04731) 01 से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार और वापसी (04732) 03 से 31 मार्च तक चलेगी। श्रीगंगानगर-गोरखपुर (04729) 26 फरवरी से 26 मार्च तक और वापसी (04730) 27 फरवरी से 27 मार्च तक उपलब्ध रहेगी। उदयपुर-योग नगरी ऋषिकेश (09609) 03 से 31 मार्च और वापसी (09610) 04 मार्च से 01 अप्रैल तक चलेगी। हिसार-अमृतसर (04753) 05 मार्च को एकतरफा चलेगी। मैसूरू-मदार (06281) 07 फरवरी से 30 मई और वापसी (06282) 09 फरवरी से 01 जून तक चलेगी। काकिनाडा टाउन-हिसार (07705) 19 फरवरी से 26 मार्च और वापसी (07706) 22 फरवरी से 29 मार्च तक चलेगी।

गोमतीनगर-खातीपुरा (05023) 03 से 24 मार्च और वापसी (05024) 04 से 25 मार्च तक संचालित होगी। भावनगर टर्मिनस-बीकानेर (09271) 22 फरवरी से 29 मार्च और वापसी (09272) 23 फरवरी से 30 मार्च तक चलेगी। हावडा-खातीपुरा (03007) 25 फरवरी व 11 मार्च और वापसी (03008) 27 फरवरी व 13 मार्च को चलेगी। तिरूपति-मदार (07519) 02 मार्च और वापसी (07520) 05 मार्च को संचालित होगी। श्रीगंगानगर-ईदगाह आगरा (04733) 04 से 25 मार्च और वापसी (04734) 05 से 26 मार्च तक चलेगी। मदार-रोहतक (09639/09640) 01 से 31 मार्च तक प्रतिदिन चलेगी। जोधपुर-मऊ (04823) 01 से 29 मार्च और वापसी (04824) 03 से 31 मार्च तक संचालित होगी। कोटा-रशीदपुर खोरी (09807/09808) 04 व 05 मार्च को चलेगी। आगराकैंट-असारवा (01919/01920) फरवरी से मार्च तक सप्ताह में 5 दिन संचालित होगी। लालकुआं-राजकोट (05045/05046) और साबरमती-हरिद्वार (09425/09426) भी मार्च माह में अपनी सेवाएं देंगी।

विस्तारित सेवाओं में बीकानेर-साईनगर शिर्डी (04715/04716), हिसार-खडकी (04725/04726), हिसार-वलसाड (04727/04728), भगत की कोठी-बान्द्रा टर्मिनस (04827/04828), अजमेर-बान्द्रा टर्मिनस (09621/09622), अजमेर-दौंड (09625/09626), अजमेर-सोलापुर (09627/09628), मुम्बई सेट्रल-भिवानी (09001/09002), बान्द्रा टर्मिनस-भिवानी (09005/09006), संतरागांछी-अजमेर (08611/08612), कोयम्बटूर-जयपुर (06181/06182), जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस (09705/09706), रेवाडी-रींगस (09633/09634/09637/09638) और जयपुर-भिवानी (09733/09734) प्रतिदिन मार्च के अंत तक संचालित की जाएंगी।

Updated On 2 March 2026 2:48 PM IST
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story