स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के त्योहारों पर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन, विभिन्न रेल सेवाओं में डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी और पहले से संचालित स्पेशल ट्रेनों के फेरों में वृद्धि की जा रही है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे अगस्त माह के लिए 55 जोड़ी रेलसेवाओं में अस्थाई रूप से विभिन्न श्रेणियों के 146 अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए जा चुके हैं। इससे यात्रियों को कंफर्म सीट के साथ अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सकेगी।

रक्षाबंधन के अवसर पर घर जाने वाले प्रवासियों और अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने प्रयागराज, बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, भिवानी, सीकर, रींगस, श्रीगंगानगर, लक्ष्मीबाई नगर और समस्तीपुर जैसे देश के प्रमुख शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं। इन शहरों के लिए कुछ स्पेशल रेल सेवाएं पहले ही नोटिफाई की जा चुकी हैं, जबकि पहले से संचालित कुछ स्पेशल रेल सेवाओं के फेरों में भी बढ़ोतरी की जा रही है।

इसके अलावा, स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति के आकलन और यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए कई अन्य रूटों पर भी अतिरिक्त स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन शुरू किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे की इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story