नोहर में विराट रामोत्सव धर्मयात्रा के 85 युवा सेवादार सम्मानित
शादीराम पचीसिया संस्कृत पाठशाला में आयोजित भव्य समारोह में धर्मयात्रा के दौरान श्रमदान करने वाले 85 युवक-युवतियों और सेवादारों का अभिनंदन कर सेवा भावना को सराहा गया।

नोहर 10 अप्रैल। कस्बे में गत दिनों निकाली गई विराट रामोत्सव धर्मयात्रा की अभूतपूर्व सफलता के बाद श्रद्धा और उत्साह का माहौल और भी प्रबल हो गया। इसी उत्साह को आगे बढ़ाते हुए शादीराम पचीसिया संस्कृत पाठशाला में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें धर्मयात्रा में श्रमदान व सहयोग करने वाले 85 युवक-युवतियों का सम्मान कर उनकी सेवा भावना को सराहा गया।
युवाओं और मातृशक्ति का हुआ भव्य अभिनंदन
समाजसेवी एवं भामाशाह सुरेश पांडिया ने बताया कि जगदंबा साड़ी सेंटर के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में युवाओं को सम्मान पत्र व पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। वहीं दुर्गा वाहिनी के रूप में सेवा देने वाली बेटियों को दुपट्टा ओढ़ाकर विशेष सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में धर्मयात्रा संयोजक रमेश वड़सीवाल एवं भालाराम खाती का विशेष सम्मान किया गया। भालाराम खाती एवं उनकी टीम ने इस विराट आयोजन में चौक-चौराहों की सजावट सहित अनेक व्यवस्थाओं को पूरी निष्ठा और तन्मयता से संभालकर यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि "सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।" समारोह के दौरान हर वर्ष इसी तरह विराट रामोत्सव धर्मयात्रा आयोजित करने का संकल्प भी दोहराया गया।
गणमान्य जनों की उपस्थिति में प्रस्तुत हुआ लेखा-जोखा
इस अवसर पर राकेश जोशी, बजरंग स्वामी, महिपाल सैनी, चौथमल पांडिया, विशाल पांडिया, अजय राजपूत, अशोक सोनी, सोनू शर्मा, बेबी पारीक, सुशील तिवाड़ी, राजू सरावगी सहित बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यात्रा को लेकर सम्पूर्ण लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
