उदयपुर की माटी का कमाल: 'सागवान' से बॉलीवुड को मिला नया एक्शन हीरो, पुलिस अधिकारी हिमांशु सिंह ने अभिनय से जीता दिल
मेवाड़ की वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्म 'सागवान' ने बॉलीवुड में नई हलचल पैदा कर दी है। पुलिस अधिकारी हिमांशु सिंह राजावत के अभिनय और निर्देशन से सजी यह फिल्म राजस्थान पुलिस की ईमानदारी और किडनी चोरी जैसे गिरोहों के पर्दाफाश की कहानी है। शयाजी शिंदे और मिलिंद गुणाजी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म साफ-सुथरे और उद्देश्यपूर्ण सिनेमा का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करती है।

फिल्म समीक्षा | ★★★★☆ (4/5)
— मनीष पालीवाल
राजस्थान की धरती ने हमेशा यह साबित किया है कि यहां के मारवाड़ी जब जिस भी क्षेत्र में कदम रखते हैं, तो मिट्टी को भी सोना बनाने की क्षमता रखते हैं। यही बात हिंदी फिल्म ‘सागवान’ पर पूरी तरह सटीक बैठती है। शुक्रवार को देशभर में रिलीज हो रही यह फिल्म अपने कंटेंट, उद्देश्य और सच्चाई के कारण भीड़ से अलग खड़ी नजर आती है।
‘सागवान’ के लेखक, निर्देशक और मुख्य अभिनेता के रूप में राजस्थान पुलिस के चर्चित अधिकारी हिमांशु सिंह राजावत ने एक बहुआयामी व्यक्तित्व का परिचय दिया है। अश्लीलता और सतही मनोरंजन के इस दौर में उन्होंने परिवार के साथ बैठकर देखी जा सकने वाली ऐसी फिल्म प्रस्तुत की है, जो भारतीय पुलिस की साहस, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का वास्तविक चेहरा दर्शाती है। यह पहल बॉलीवुड को एक नया और भरोसेमंद हीरो देती है।
कहानी: सच्चाई की जड़ों से जुड़ी
फिल्म की कहानी राजस्थान के मेवाड़ अंचल की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और इसे उन्हीं असली लोकेशनों पर फिल्माया गया है, जो इसकी सबसे बड़ी ताकत बनती है। कहानी एक हत्या से शुरू होकर अंधविश्वास, किडनी चोरी गिरोह और पुलिस की ईमानदार कार्यशैली के सफर से गुजरते हुए अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने तक जाती है।फिल्म का नाम सुनकर दर्शक शुरू में ‘सागवान के पेड़’ जैसी किसी प्रतीकात्मक कथा की उम्मीद करता है, लेकिन फिल्म का अंत उसे एक बिल्कुल ताजा और सामाजिक रूप से संवेदनशील विषय से रूबरू कराता है। जहां आमतौर पर हिंदी सिनेमा में पुलिस को भ्रष्टाचार का प्रतीक दिखाया जाता रहा है, वहीं ‘सागवान’ राजस्थान पुलिस की एक सशक्त, ईमानदार और मानवीय छवि प्रस्तुत करती है।
फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष यह है कि यह अश्लील संवादों, फूहड़ गानों और बनावटी एक्शन के दौर में एक वैकल्पिक, संस्कारित और परिवार के साथ देखी जा सकने वाली फिल्म के रूप में सामने आती है। यह उन दर्शकों के लिए राहत है, जो लंबे समय से साफ-सुथरे और उद्देश्यपूर्ण सिनेमा की तलाश में हैं।
तकनीकी पक्ष: मजबूत और प्रभावशाली
फिल्म का कैमरावर्क, एक्शन सीक्वेंस और बैकग्राउंड स्कोर बड़े बजट की फिल्मों के समकक्ष नजर आते हैं। वास्तविक लोकेशनों का चयन फिल्म को सच्चाई प्रदान करता है, जिससे दर्शक कहानी से गहराई से जुड़ता है।
विशेष बात यह है कि हिंदी फिल्म में पहली बार शुद्ध मेवाड़ी भाषा के संवाद भी कुछ दृश्यों में सुनने को मिलते हैं, जो फिल्म की प्रामाणिकता को और मजबूत करते हैं।
अभिनय: हिमांशु सिंह सबसे आगे
बिना किसी औपचारिक अभिनय प्रशिक्षण के भी हिमांशु सिंह राजावत अपने अभिनय से सभी पर भारी पड़ते हैं। उनकी बॉडी लैंग्वेज, संवाद अदायगी और पुलिस अधिकारी के रूप में आत्मविश्वास फिल्म की रीढ़ है।वरिष्ठ अभिनेता शयाजी शिंदे हमेशा की तरह अपने अनुभव से हर दृश्य को ऊंचाई देते हैं। हालांकि निर्देशक के रूप में राजावत, वरिष्ठ अभिनेता मिलिंद गुणाजी का अपेक्षित उपयोग नहीं कर पाए हैं। और पुलिस अधिकारी सुनिल का किरदार जबरदस्ती डाला हुआ महसूस होता है।
कमियां: जहां कसाव चाहिए
लेखक, निर्देशक और अभिनेता—तीनों भूमिकाएं एक साथ निभाने के कारण राजावत कुछ जगहों पर ध्यान नही दे पाए हैं फिल्म में कुछ जगहों पर कसाव की कमी नजर आती है। लगभग 15 मिनट की कटिंग /एडिटिंग फिल्म को और प्रभावी बना सकती थी। कुछ दृश्यों में संवाद कहानी की गति के विपरीत चलते हैं। शुरुआती हिस्से में मुख्य विषय की बजाय नायक के निजी जीवन पर अपेक्षाकृत अधिक फोकस किया गया है जो बोझिल लगता है ।
हालांकि इंटरवल के बाद फिल्म रफ्तार पकड़ती है और अंत तक दर्शकों को बांधे रखने में सफल रहती है।
संदेश: कानून से ही मिलेगा न्याय
फिल्म का क्लाइमैक्स खासतौर पर सराहनीय है, जहां नायक कानून को अपने हाथ में नहीं लेता, बल्कि कानून और न्याय व्यवस्था के माध्यम से सत्य की जीत सुनिश्चित करता है।
फिल्म का पहला भाग हिमांशु सिंह के जीवन से जुड़ी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, जिसमें उनके गुरु और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी दिनेश एम.एन. के जीवन मूल्यों की झलक छद्म रूप से देखने को मिलती है।
बॉलीवुड में नई दस्तक
‘सागवान’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राजस्थान मूल के फिल्मकारों के लिए /बॉलीवुड में प्रवेश का मजबूत दस्तावेज़ है। हिमांशु सिंह राजावत ने यह साबित किया है कि कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा क्षेत्रीय सीमाओं को तोड़कर राष्ट्रीय पहचान बना सकता है।
तकनीकी टीम व कलाकार
साँवलिया इंटरटेनमेंट एलएलपी, उदयपुर के बैनर तले बनी इस फिल्म में
कैमरा संचालन: राज मालुसरे, सहायक निर्देशन: प्रविण वैदिया, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर: नितीन श्रीमाली
निर्माता: प्रकाश मेनारिया, अर्जुन पालीवाल, नितीन श्रीमाली, भूपेंद्र सिंह है
फिल्म में शयाजी शिंदे, मिलिंद गुणाजी, ईशान खान, रश्मि मिश्रा सहित कई सशक्त कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
यदि आप परिवार के साथ बैठकर साफ-सुथरी, उद्देश्यपूर्ण और सच्ची घटनाओं पर आधारित हिंदी फिल्म देखना चाहते हैं, तो ‘सागवान’ एक बेहतरीन विकल्प है। यह फिल्म न केवल हिमांशु सिंह राजावत को बॉलीवुड का नया भरोसेमंद चेहरा बनाती है, बल्कि राजस्थान मूल के फिल्मकारों के लिए एक नया रास्ता भी खोलती है।
रेटिंग: ★★★★☆ (4/5)
एक ईमानदार प्रयास, जो दिल और दिमाग—दोनों पर असर छोड़ता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
