डूंगरपुर के सरकारी स्कूल में युवक-युवती के शव मिले, सुसाइड की आशंका
चौरासी थाना क्षेत्र के गैंजी स्कूल में लोहे के सरियों से लटके मिले शव, मृतक युवक 17 दिन से घर से लापता था और उसकी पहचान मनोज खराड़ी के रूप में हुई है।

मृतकों की पहचान और पृष्ठभूमि
- मृतक युवक की पहचान मनोज (22) पुत्र सुरेश खराड़ी, निवासी पाकरोन के रूप में हुई।
- लड़की की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
- पुलिस ने बताया कि युवक पहले से शादीशुदा था।
17 दिन से घर से गायब था युवक
प्रेम प्रसंग के चलते युवक एक फरवरी को अपनी पत्नी से झगड़ा कर घर से निकल गया था। युवक की पत्नी ने 17 फरवरी को चौरासी थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। मृतक मनोज मजदूरी करता था। पत्नी की रिपोर्ट के अनुसार प्रेम-प्रसंग के कारण ही वो झगड़ा कर घर से निकल गया था। मनोज के एक बेटी भी है।
छत पर निकले सरियों से लटके मिले शव
चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल गुर्जर ने बताया कि:
"बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली। जिसमें लोगों ने बताया कि स्कूल की नई बन रही बिल्डिंग की छत पर निकले हुए लोहे के सरियों से एक युवक-युवती के शव लटके हुए हैं।"
स्टाफ और स्कूल प्रशासन की जानकारी
स्कूल की प्रिंसिपल जशोदा कलासुआ ने बताया कि स्कूल सुबह 10 बजे खुलता है। इसलिए सुबह के समय बच्चे या स्टाफ कोई नहीं था।
हालांकि, इन दिनों परीक्षा के कारण सुबह 8 बजे स्टाफ आ जाता है, लेकिन आज कोई परीक्षा नहीं थी। दोनों बॉडी स्कूल के पिछले हिस्से में मिली हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
