डूंगरपुर: मुरला गणेश मंदिर में 22वां पाटोत्सव संपन्न, 1001 लड्डुओं का हुआ हवन
डूंगरपुर में सिद्धिदाता मुरला गणेश मंदिर के 22वें पाटोत्सव पर वेदोक्त मंत्रों और 1001 मोदकों के हवन के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

डूंगरपुर। शहर के आराध्य सिद्धिदाता मुरला गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित भगवान मुरला गणेश का 22वां पाटोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मंडल के अध्यक्ष प्रवीण गेबीलाल श्रीमाल के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य उत्सव का शुभारंभ वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अनुष्ठान में आचार्य मिनेश जोशी के आचार्यत्व में यजमान योगेश रणछोड़ लाल श्रीमाल के सानिध्य में आह्वाहित समस्त देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और भगवान मुरला गणेश का अभिषेक कर विशेष अनुष्ठान किए गए।
उत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ के साथ 1001 मोदकों (लड्डुओं) का हवन संपन्न हुआ। इस विशेष आहुति में यजमान योगेश रणछोड़ लाल श्रीमाल, सह-यजमान दीपक बाबूलाल श्रीमाल, नागेन्द्र सिंह चौहान, ललित जोशी तथा उनके परिवार के सदस्यों ने सम्मिलित होकर पुण्यार्जन किया। साथ ही, मंदिर के ध्वज को यजमान प्रकाश महावर द्वारा विधिवत रूप से परिवर्तित किया गया। दोपहर 4.15 बजे नारियल होम के साथ पूर्णाहुति की गई, जिसके उपरांत यजमान पद्म कुमार जैन परिवार ने महाआरती कर प्रभु के समक्ष नमन किया।
इस अवसर पर भगवान मुरला गणेश का अत्यंत मनोहारी और भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे मंडल के कोषाध्यक्ष नितिन श्रीमाल के नेतृत्व में तैयार किया गया था। आध्यात्मिक अनुष्ठान को पूर्णता प्रदान करने के लिए जितेंद्र जोशी कनबा, जितेंद्र पंड्या लीलवासा, दीपक भट्ट, मनीष जोशी, दर्शित पंड्या एवं दत्तेश मेहता द्वारा 1200 अथर्वशीर्ष के पाठ किए गए। कार्यक्रम के अंत में आयोजित महाप्रसाद वितरण में शहर के बड़ी संख्या में सनातनियों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस गरिमामयी आयोजन में मंडल के उपाध्यक्ष चंद्रकांत वसीटा, सचिव गौतमलाल साद, सह-सचिव मुकेश श्रीमाल, कोषाध्यक्ष नितिन श्रीमाल, पुरुषोत्तम सोमपुरा, गजेंद्र कुमार श्रीमाल एवं रमेश वारियानी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

