डूंगरपुर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को डूंगरपुर में 'ग्राम विकास रथ' अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। सर्किट हाउस परिसर में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में जिला प्रभारी एवं टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने एलईडी युक्त मोबाइल वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सुदूर गांवों तक पहुंचकर कृषक, पशुपालक और ग्रामीण जनता को शासन की नीतियों से सीधे जोड़ेगा।

शुभारंभ समारोह में सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, समाजसेवी बंशीलाल कटारा, सीमलवाड़ा प्रधान कारीलाल ननोमा, निवर्तमान सभापति अमृतलाल कलासुआ, पंकज जैन, हंसमुख उपाध्याय एवं सुरेश फलोजिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से जिला कलक्टर देशलदान, जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश चंद्र धाकड़ एवं सीईओ हनुमान सिंह राठौड़ विशेष रूप से मौजूद रहे।

मीडिया को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि यह ग्राम रथ अभियान ग्रामीण विकास की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इन एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से न केवल केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, बल्कि आमजन में जागरूकता भी लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि ये रथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में पहुंचेंगे। इन रथों की विशेष विशेषता यह है कि जिस स्थान पर ये सायंकाल रुकेंगे, वहां सांस्कृतिक संध्या और जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिससे विभागीय योजनाओं की जानकारी सीधे आमजन तक पहुंच सकेगी।

इस अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित कुल 13 विभागों की योजनाओं और उनकी उपलब्धियों को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इन विभागों से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर जानकारी मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और सरकारी तंत्र व आम जनता के बीच की दूरी कम होगी। यह रथ यात्रा जिले के चहुंमुखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story