डूंगरपुर: वैजा मोड़ पर ऑटो पलटने से दो बच्चों की मौत, 8 लोग घायल
चौरासी थाना क्षेत्र में पाण्णा की रस्म के दौरान बेकाबू होकर पलटा ऑटो, हादसे में डेढ़ माह और तीन साल के मासूमों ने तोड़ा दम।

पाण्णा की रस्म के दौरान मातम
चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल ने बताया-
"वागबोल निवासी प्रियंका (28) पत्नी बलदेव की डेढ़ महीने पहले पीहर वैजा में डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद से वह वैजा में पिता के घर में ही रह रही थी। परिवार के लोग गुरुवार को प्रियंका और उसके डेढ़ महीने के बेटे कृष को ससुराल छोड़ने के लिए ऑटो में बैठकर जा रहे थे।"
इसे स्थानीय लोग पाण्णा कहते हैं। इसमें बच्चा जन्म के बाद पहली बार मां के साथ अपने घर जाता है। वैजा मोड़ के पास ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में कृष और अरिहंत (3) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों का विवरण
घायलों में 5 साल की बच्ची, 5 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। लोगों ने एक-एक कर सभी घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया।
- प्रियंका (28)
- मंजुला (30) पत्नी कांतिलाल (अरिहंत की मां)
- सरस्वती (5) पुत्री शांतिलाल
- माया (27) पत्नी नानूराम
- बंशी (70) पुत्र नानजी कटारा
- कांता (60) पत्नी शंकरलाल
- लक्ष्मी (25) पत्नी शांतिलाल
- कांति (25) पुत्र नाना
मां की गोद में थे मासूम, पिता का रो-रोकर बुरा हाल
ऑटो में कृष अपनी मां प्रियंका और अरिहंत, मंजुला की गोद में बैठे हुए थे। दोनों बच्चों की मौत होने से परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दोनों बच्चों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।
कृष के पिता बलदेव पहली बार बेटे के घर आने का इंतजार कर रहे थे। घर में खुशी का माहौल था और मेहमानों के लिए पकवान बन रहे थे। लेकिन बेटे की मौत से परिवार में मातम पसर गया और बलदेव फूट-फूट कर रोने लगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
