दौसा में टाउन हॉल का लोकार्पण और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर योजना लॉन्च
डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और झाबर सिंह खर्रा ने 19 करोड़ की लागत वाले टाउन हॉल का उद्घाटन किया और यूआईटी की पहली आवासीय योजना के आवेदन शुरू किए।

दौसा के खान भांकरी रोड पर आयोजित समारोह में टाउन हॉल का लोकार्पण करते कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा और जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार।
सुनील सत्यवादी, दौसा, 6 फरवरी। दौसा जिलेवासियों को शुक्रवार को भव्य टाउन हॉल एवं आवासीय योजना की सौगात मिली है। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने यहां खान भांकरी-आईटीआई रोड पर केएम वाटिका के पास आयोजित समारोह में स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन छुट्टन लाल मीणा टाउन हॉल का लोकार्पण किया।
प्रमुख घोषणाएं एवं विमोचन
- दौसा-बांदीकुई नगरविकास न्यास (यूआईटी) की प्रथम आवासीय कॉलोनी पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की पुस्तिका का विमोचन कर योजना को लॉन्च किया गया।
- राजीविका समूहों की महिलाओं को 2 करोड़ 51 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया।
कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री का संबोधन
कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि - "दौसा जिला विकास के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है। हम सब जनप्रतिनिधियों की महती जिम्मेदारी है कि इस विकास यात्रा को तेज गति से आगे बढ़ाएं। राज्य सरकार का प्रयास है कि भविष्य में दौसा एक सुन्दर शहर बनकर उभरे।"
उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विकास प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने एक्सप्रेस-वे बनाकर मात्र दो घंटे में रोड से दिल्ली पहुंचने के सपने को साकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रयासों से दौसा को चम्बल एवं इसरदा का पानी मिलने लगेगा।
नगरीय विकास राज्य मंत्री के विचार
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि - "दौसा में महानगरों की तर्ज पर हर आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त टाउन हॉल बना है, जहां विभिन्न प्रकार के आयोजन सुगमतापूर्ण हो सकेंगे। इसी प्रकार नवसृजित यूआईटी की ओर से हर वर्ग के लोगों के लिए आधुनिक प्लानिंग के साथ आवासीय योजना लाई गई है, जहां स्टेडियम एवं हरित पट्टिका सहित हर सुविधा उपलब्ध होगी।"
उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में जल, विद्युत, कानून व्यवस्था एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी समस्याओं का तेजी से समाधान करवाया है। रामजल सेतु परियोजना से दौसा सहित 17 जिलों में पेयजल के साथ खेती के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता हो सकेगी। इसी प्रकार शेखावाटी में यमुना का पानी लाने के लिए डीपीआर बनाने का काम अंतिम चरण में है। इसी साल शिलान्यास कराकर 2028 तक यमुना का जल शेखावाटी में लाने का प्रयास है।
टाउन हॉल: आधुनिक सुविधाएं और क्षमता
जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने बताया कि 19 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस भव्य टाउन हॉल में 700 लोगों के बैठने की उत्तम व्यवस्था है। यह जिले के सांस्कृतिक और राजकीय कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके उपयोग के लिए एक नीति निर्धारित की जा रही है, जिसके अंतर्गत एक निश्चित शुल्क तय किया जाएगा। इसके बाद निजी क्षेत्र, विभिन्न समुदाय या कोई भी संगठन इस टाउन हॉल का उपयोग अपने आयोजनों के लिए कर सकेंगे। टाउन हॉल बनने से स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर: ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
जिला कलक्टर ने बताया कि बहुप्रतीक्षित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर योजना की लॉन्चिंग के साथ ही आवेदन फॉर्म यूआईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है। सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
- योजना में कुल लगभग 1200 प्लॉट हैं।
- पहले चरण में 300 प्लॉट आरक्षित किए गए हैं, जिनका आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
- मांग अधिक रहने पर प्लॉट की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
कॉलोनी की विशेषताओं में 8 हेक्टेयर में फैला एक बड़ा स्टेडियम, चौड़ी सड़कों का जाल, पर्यावरण के अनुकूल हरी पट्टी (ग्रीन बेल्ट) और पार्कों का प्रावधान सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं।
समारोह में गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में निम्नलिखित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे:
- जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार
- अतिरिक्त जिला कलक्टर दौसा अरविन्द शर्मा
- अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा
- जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदीचंद गंगवाल
- नगर सुधार न्यास के सचिव मूलचंद लूणिया
- नगर परिषद के आयुक्त कमलेश कुमार मीणा
- उपखंड अधिकारी संजू मीणा
- पूर्व नगर परिषद सभापति राजकुमार जायसवाल
- जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
