मार्गशीर्ष दर्श अमावस्या पर मालाड पश्चिम स्थित श्री साईं दर्शन मंदिर में दादी नारायणी देवी का भव्य मंगल पाठ और श्रृंगार समारोह आयोजित हुआ। मंदिर ट्रस्ट और महिला समिति द्वारा आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। भजन, महाआरती और प्रसाद वितरण ने कार्यक्रम को दिव्य रूप दिया।

मार्गशीर्ष (अगहन) माह की दर्श अमावस्या ने इस बार मालाड पश्चिम स्थित श्री साईं दर्शन मंदिर को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति रस से सराबोर कर दिया। श्री साईं दर्शन मंदिर ट्रस्ट परिवार एवं महिला समिति द्वारा हर अमावस्या की तरह इस पावन तिथि पर भी सामूहिक दादी मंगल पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं और पुरुष भक्तों ने भाग लिया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में रानी सती दादी नारायणी देवी की सुगंधित पुष्पों और पारंपरिक पूजा सामग्रियों से की गई आकर्षक झांकी देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिला भक्तों ने परंपरा के अनुरूप स्वयं अपने हाथों से दादी का श्रृंगार कर दिव्य वातावरण का सृजन किया। राजस्थान के झुंझुनू जिले में प्रतिष्ठित नारायणी देवी के मुंबई में रहने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए इस मंदिर में स्थापित दादी की प्रतिमा पर दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।

साईं दर्शन मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र खेतान ने बताया कि दर्श अमावस्या पर उपस्थित पवित्र संयोगों के कारण इस बार महिलाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। महिला मंडल की ओर से आयोजित सामूहिक मंगल पाठ में दोपहर से लेकर शाम तक भक्ति का प्रवाह निरंतर बना रहा। ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ आरंभ हुए इस महोत्सव में भजन गायक सुरेश तिवारी एवं उनकी मंडली ने सुमधुर भजनों के माध्यम से माहौल को और भी श्रद्धामय बना दिया।

शाम सात बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में महिला मंडल की आशा परसरामपुरिया, वीणा फतेहचंदका, सुषमा टिबरेवाल, रचना गनेरीवाला, जिया पोद्दार, दीपाली मित्तल, दक्षा शर्मा, वीना मालपानी, मीनू पोद्दार, मंजू खेतान, विरजा टिबरेवाल, सुनीता खेतान, उर्मिला अग्रवाल, मीनू परसरामपुरिया, विभाबेन सहित अनेक महिलाएं सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

मार्गशीर्ष दर्श अमावस्या पर आयोजित यह दादी मंगल पाठ न केवल मुंबई में बसे राजस्थानियों की आस्था का प्रतीक बना, बल्कि विश्व शांति और लोक कल्याण के संकल्प को भी सशक्त रूप में स्थापित करता दिखा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story