भारत जैन महामंडल की धर्मपुर यात्रा सफल, योग-साधना और सत्संग से मिली आध्यात्मिक ऊर्जा
भारत जैन महामंडल की धर्मपुर आध्यात्मिक यात्रा में योग, साधना और सत्संग से श्रद्धालु हुए प्रभावित, संगठन ने दिए भविष्य के आयोजन संकेत।

तस्वीर में गुरुदेव राकेश महाराज एक आरामदायक कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पास खड़े श्रद्धालु बातचीत कर रहे हैं।
भारत जैन महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड़ एवं महामंत्री बाबूलाल बाफना के नेतृत्व में कार्यकाल के प्रथम चरण में गुजरात के धर्मपुर स्थित दिव्य आध्यात्मिक धाम में आयोजित दो दिवसीय आध्यात्मिक योग एवं साधना शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मुंबई सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं श्रद्धालु इस आध्यात्मिक यात्रा में शामिल हुए।
धर्मपुर में आयोजित इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक एवं शांत वातावरण के बीच आश्रम भ्रमण, जिन मंदिर में मंगल आरती, परम पूज्य श्रीमद राजचंद्रजी की दिव्य प्रतिमा के दर्शन, साउंड थेरेपी, प्रवचन एवं सत्संग का लाभ प्राप्त किया। गुरुदेव राकेश महाराज के सान्निध्य में आयोजित विशेष संवाद सत्र में जीवन, मृत्यु, पाप-पुण्य, आत्मकल्याण एवं सांसारिक जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
राकेश महाराज ने कहा कि भारत जैन महामंडल के सदस्यों में आध्यात्मिक चिंतन एवं आत्मकल्याण के प्रति जो गहरी लालसा दिखाई दे रही है, उसे देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अध्यात्म के प्रवाह में निरंतर आगे बढ़ता है, तो उसके जीवन का कल्याण स्वतः होने लगता है।
आध्यात्मिक यात्रा के दूसरे सत्र में सभी यात्रियों का परिचय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपना परिचय देने के साथ इस यात्रा के अनुभव साझा किए। सभी ने इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं संस्कारमय यात्रा प्रकल्प को भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड़ एवं महामंत्री बाबूलाल बाफना ने संयुक्त रूप से कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज में आत्मीयता, पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक समन्वय, संगठनात्मक एकता तथा आध्यात्मिक जागरण को नई दिशा देने वाली सिद्ध हुई। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने सभी प्रतिभागियों के जीवन में आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं परस्पर प्रेम और विश्वास का नया संचार किया है।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए यात्रा संयोजक पैलेस मेहता एवं मुकेश कोठारी के समर्पित नेतृत्व की सराहना की। साथ ही युवा अध्यक्ष भूपेश कोठारी, अनिल बापना, सौमिल भावसार, विनोद बोहरा, अजय मरोठिया तथा सभी सहयोगियों के सक्रिय योगदान की प्रशंसा की।
समापन अवसर पर सभी यात्रियों का आभार व्यक्त करते हुए पदाधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक, संस्कारमय एवं समाज को जोड़ने वाले आयोजनों के माध्यम से समाज में सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करने का संकल्प दोहराया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
