श्री चारभुजा महिला मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में माता तुलसी और भगवान चारभुजा नाथ का विशेष श्रृंगार कर भजन-कीर्तन और गुलाल से होली खेली गई।

बेगू (प्रातः काल संवाददाता): नन्दवाई में फागोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहाँ श्री चारभुजा महिला मंडल द्वारा निज मंदिर बड़ा चारभुजा मंदिर में विशेष आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने भक्ति और उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान माता तुलसी को फागणिया पहनाई गई तथा भगवान श्री चारभुजा नाथ को फागण की विशेष पोशाक धारण कराई गई।

भजन-कीर्तन और नृत्य से भक्तिमय हुआ वातावरण

प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक होली उत्सव एवं भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। महिलाओं ने राधा कृष्ण, श्री सांवरिया सेठ एवं श्री चारभुजा जी के भजनों पर नृत्य-गान करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गुलाल और पुष्पों के साथ राधा-कृष्ण संग फाग उत्सव मनाया गया तथा भगवान श्री चारभुजा नाथ और माता तुलसी को फूलों एवं गुलाल से होली अर्पित की गई।

महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ समापन

ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि के बीच श्रद्धालु महिलाएं भक्ति में सराबोर होकर झूमती नजर आईं। कार्यक्रम के अंत में चारभुजा जी के श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु महाआरती की गई तथा प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री बड़े चारभुजा जी महिला मंडल की सदस्याएं एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story