जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय एप्सटीन प्रकरण को लेकर केंद्रीय मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की गई।

27 फरवरी 2026। महिला जिला कांग्रेस कमेटी चित्तौड़गढ़ के नेतृत्व में आज बेगूं के पुराने बस स्टैंड पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित ने किया। यह पूरा कार्यक्रम राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा तथा प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

एप्सटीन प्रकरण में नाम आने पर इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक जांच से जुड़े एप्सटीन प्रकरण में केंद्रीय मंत्री का नाम सामने आना गंभीर और देश की छवि को धूमिल करने वाला विषय है। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नैतिकता के आधार पर केंद्रीय मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप उनका पुतला दहन किया। इस दौरान "हरदीप पुरी इस्तीफा दो" और "मोदी सरकार शर्म करो" जैसे नारों के साथ महिलाओं ने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

जिला अध्यक्ष का वक्तव्य और नैतिक जिम्मेदारी

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित ने कहा कि "यदि किसी भी केंद्रीय मंत्री का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर के आपराधिक मामले की जांच में सामने आता है तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना चाहिए।" उन्होंने आगे तर्क देते हुए कहा कि "अन्य देशों में भी इस प्रकार के मामलों में संबंधित लोग इस्तीफा दे रहे हैं, इसलिए नैतिक आधार पर यहां भी यही परंपरा अपनाई जानी चाहिए।"

प्रदर्शन में शामिल महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं, जिनमें मुख्य रूप से पूर्व पार्षद रामकन्या देवी गुरुजी, सुशीला देवी रेगर, पूर्व नगर महिला अध्यक्ष गायत्री सोनी, सीमा ऐरवाल, दुर्गा राव, गीता गुर्जर, पिंकी रेगर, दुर्गा जटिया, रुकमा भील, निरमा रेगर, बाली बाई भील, भोली भील, मीना रेगर, मंजु देवी सोलंकी, प्रज्ञा शर्मा, ललिता राव, शबाना, अनुश्री उपाध्याय, अंतिम तंबोली, स्नेहा जैन, सीमा सोनी, निकिता प्रजापत, रेखा भट्ट, आरती चौरे, खुशबू टेलर, सीमा रेगर और निलु रेगर शामिल थीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story