डूंगला: मानदेय वृद्धि और पीसीटीएस भुगतान को लेकर आशाओं का कार्य बहिष्कार
डूंगला में आशा सहयोगिनियों ने बजट में मानदेय न बढ़ने और भुगतान समस्याओं के विरोध में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की।

डूंगला उपखंड कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन करतीं ब्लॉक क्षेत्र की आशा सहयोगिनियां।
डूंगला। उपखंड क्षेत्र में कार्यरत आशाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी ईश्वरलाल खटीक को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सोंपा। ज्ञापन में बताया गया कि आशाओं कि आवश्यक मांगों को लेकर विगत लंबे समय से सरकार का ध्यान आकर्षित करवाया गया और समय-समय पर आशाओं के मानदेय को बढ़ाने के लिए भी सरकार के समक्ष बात रखी गई। आशाओं को इस बजट में उम्मीद थी कि उनका मानदेय बढ़ाया जाएगा लेकिन इस बजट में आशाओं के मानदेय को लेकर कुछ भी सरकार द्वारा नहीं किया गया।
भुगतान प्रक्रिया में जटिलता और बजट से निराशा
साथ ही पीसीटीएस में भुगतान प्रक्रिया में आ रही परेशानी को लेकर भी विभाग के साथ ही सरकार को अवगत करवाया गया लेकिन उसमें भी आशाओं को कोई राहत नहीं मिली। इन सभी मांगों को लेकर आशाओं द्वारा उपखंड अधिकारी को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सोंपते हुए ऑनलाइन ऑफलाइन सभी तरह के कार्य का बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया। "जब तक सरकार आशाओं की इन मांगो पर सुनवाई नहीं करती तब तक आशा सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में एवं ऑफलाइन ऑनलाइन कार्य में भाग नहीं लेगी।"
विरोध प्रदर्शन और ब्लॉक स्तरीय एकजुटता
इस दौरान आशाओं ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया और स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इस अवसर पर आशाओं की ब्लॉक स्तरीय संगठन पदाधिकारियों के साथ ही ब्लॉक क्षेत्र की आशाएं उपस्थित रहीं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
