सांवलीया जी मंदिर में फाग उत्सव के दौरान पुलिस ने महिलाओं को राजकोप ऐप, साइबर सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

चित्तौड़गढ़। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा शहर के चमत्कारी सांवरिया जी मंदिर सेंथी में आयोजित फाग उत्सव के दौरान विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को राजस्थान सरकार तथा राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित महिला सुरक्षा अभियानों, कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के विशेष उपाय

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि "महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा शहर के चमत्कारी सांवरिया जी मंदिर सेंथी में आयोजित फाग उत्सव के दौरान विशेष जागरूकता कार्यक्रम किया गया।" कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को “राजकोप” ऐप की उपयोगिता बताते हुए मौके पर ही ऐप डाउनलोड करवाने में सहायता की, ताकि आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके।

साइबर ठगी एवं सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार

आयोजन के दौरान महिलाओं को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई तथा ठगी होने की स्थिति में तुरंत अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया और शिकायत दर्ज कराने की विधि समझाई गई। इस जागरूकता सत्र में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया तथा इसे रोकने के लिए कानून द्वारा निर्धारित प्रावधानों की जानकारी दी गई।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को आपातकालीन सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 112, गरिमा हेल्पलाइन 1090 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया और इनका सही समय पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की कालिका पेट्रोलियम यूनिट प्रभारी एएसआई श्याम गुर्जर व पेट्रोलिंग में तैनात महिला कांस्टेबल गायत्री शर्मा, लीला शर्मा, रीना राजावत व आकांक्षा द्वारा महिलाओं को जागरूक करने हेतु कहा कि "महिला सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव रखते हैं।" कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story