चित्तौड़गढ़: मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव में 454 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने नव नियुक्त कार्मिकों को दीप प्रज्वलित कर प्रमाण पत्र सौंपे, प्रदेश भर में कुल 21 हजार 800 नियुक्तियां दी गईं।

चित्तौड़गढ़ के इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव के दौरान नवनियुक्त अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं अन्य अधिकारी।
चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव का आयोजन शनिवार को शहर के इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस भव्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अजमेर से किया गया, जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने युवाओं को संबोधित किया।
प्रदेश और जिला स्तर पर नियुक्तियों का विवरण
प्रदेश स्तर पर कुल 21 हजार 800 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ जिले में विभिन्न विभागों में कुल 454 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। नियुक्तियों के विस्तृत विवरण के अनुसार पंचायत राज विभाग में सहायक अकाउंटेंट के 2 और जूनियर टेक्निकल के 46 पदों पर नियुक्तियां दी गईं। चिकित्सा विभाग में 100 सीएचओ, 56 लैब टेक्नीशियन और 6 महिला हेल्थ वर्कर को शामिल किया गया है। राजकीय मेडिकल सेवाओं में 110 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र मिले। इसके अतिरिक्त कौशल नियोजन विभाग, वन विभाग, जल संसाधन विभाग, खान एवं भूविज्ञान विभाग में एक-एक कार्मिक को नियुक्त किया गया। पशुपालन विभाग में 15, डिपार्टमेंट ऑफ स्किल में 2, राजस्व विभाग में 99 पटवारी, माध्यमिक शिक्षा विभाग में 2, जबकि संस्कृत शिक्षा विभाग, स्थानीय स्वशासन विभाग तथा कृषि विभाग में एक-एक कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
जिला कलक्टर का संबोधन और कर्तव्यबोध
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर आलोक रंजन ने नव नियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि — "वर्तमान समय में सरकारी सेवा प्राप्त करना अत्यंत गौरव एवं जिम्मेदारी का विषय है।" उन्होंने आगे मार्गदर्शन देते हुए कहा कि — "परिवारों के त्याग, परिश्रम एवं मार्गदर्शन से प्राप्त इस अवसर को जनसेवा के माध्यम से सार्थक बनाना आवश्यक है। प्रत्येक कर्मचारी, चाहे वह सहायक स्तर पर हो अथवा अधिकारी स्तर पर, शासन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। सेवा के दौरान ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए उच्च पदों तक भी पहुंचा जा सकता है।" जिला कलक्टर ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहकर कार्य करने का आह्वान किया।
अतिथियों की उपस्थिति एवं आभार प्रदर्शन
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे जिनमें अति कलेक्टर प्रभा गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, अति कलेक्टर रामचंद्र खटीक, मुख्य चिकित्सा अनुशासन अधिकारी डॉ ताराचंद गुप्ता और वाइस प्रिंसिपल डॉ अनीश जैन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पारस टेलर द्वारा किया गया तथा अंत में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रमोद तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस गरिमामयी अवसर पर नव नियुक्त कार्मिकों ने भी उत्साहपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
