चित्तौड़गढ़: धनेतकलां में दम्पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
धनेतकलां गांव में पुरानी रंजिश के चलते बाप-बेटे ने दम्पति पर कुल्हाड़ी और पाइप से हमला किया, घायलों का उदयपुर के अस्पताल में उपचार जारी है।

चित्तौड़गढ़। निकटवर्ती गांव धनेतकलां में एक दम्पति ने गांव के ही बाप-बेटे द्वारा हम सलाह होकर जानलेवा हमला करने से गंभीर घायल होने की घटना को लेकर आस पास के संबंधित समाजजनों द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर कठोर कार्यवाही की मांग की गई। ज्ञापन में बताया कि शनिवार को धनेतकलां निवासी संतोष देवी अपने पति कैलाशचन्द्र शर्मा के साथ सुबह खेत पर मवेशियों का दूध निकाल रहे थे, तभी गांव के नारायणलाल पिता उदयलाल व उदयलाल पिता उंकारलाल शर्मा द्वारा हम सलाह होकर धारदार कुल्हाड़ी और लोहे के पाईप से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले की भयावहता और घायलों की स्थिति
आरोपियों द्वारा किए गए इस हमले में संतोष देवी का पांव काट दिया और कैलाशचन्द्र के हाथ-पांव तोड़ दिये। वारदात के बाद दोनों को गंभीर अवस्था में गांधीनगर स्थित एमईएस हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है। समाजजनों ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया कि "इन लोगों पर पूर्व में भी तीन-चार बार जानलेवा हमला करने का आरोप है।" पूर्व की घटनाओं का हवाला देते हुए दोषियों के विरुद्ध अविलंब और सख्त कानूनी कार्यवाही किये जाने की पुरजोर मांग की गई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
